खनिज माफियाओं पर प्रशासन की सख्ती – चनान नदी से पकड़े गए 4 ट्रैक्टर

अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर जब्त
बलरामपुर। जिले में अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खनिज माफियाओं पर किसी भी तरह की नरमी न बरती जाए और अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बलरामपुर अभिषेक गुप्ता के नेतृत्व में गठित संयुक्त राजस्व टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने चनान नदी क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते हुए चार ट्रैक्टर पकड़े। मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर बलरामपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार रवि भोजवानी, नायब तहसीलदार, पटवारी और राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कलेक्टर कटारा ने स्पष्ट कहा है कि जिले में खनिज संसाधनों की चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध रेत खनन और परिवहन में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध उत्खनन या रेत परिवहन में पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी और वाहन जब्त किए जाएंगे।



