गजेंद्र यादव शिक्षा मंत्री का कड़ा रुख: बलरामपुर डीईओ निलंबित, दूसरे पर नोटिस

शिक्षा मंत्री का कड़ा रुख: बलरामपुर जिला शिक्षा अधिकारी निलंबित, दूसरे को नोटिस
रायपुर, 18 सितंबर 2025।
छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने गुरुवार को मंत्रालय, महानदी भवन में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान कड़ा रुख अपनाया। बैठक में बलरामपुर -रामानुजगंज के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी डी.एन. मिश्रा को शासकीय कार्यों में लापरवाही के आरोप में तत्काल निलंबित कर दिया गया। वहीं, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे को प्रशासनिक कार्यों में उदासीनता बरतने पर शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी वर्षों के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया गया। मंत्री यादव ने स्पष्ट किया कि राज्यभर में मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए योग्य स्कूलों की जानकारी 10 दिनों के भीतर संचालनालय को प्रस्तुत करने को कहा गया। उन्होंने बताया कि डीएवी, इग्नाइट और पीएम श्री विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने भवन-विहीन और भवन की आवश्यकता वाले स्कूलों की संख्यात्मक जानकारी मांगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भवन निर्माण आवश्यक हो वहां कार्य प्राथमिकता से शुरू हो। जर्जर भवनों को हटाने तथा लघु मरम्मत और शौचालय सुधार कार्य तुरंत पूरा करने को भी कहा।
इसके अलावा मंत्री यादव ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि नए शिक्षा सत्र के प्रारंभ में ही विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश और साइकिल उपलब्ध हो जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवश्यक औपचारिकताएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।



