बोर्ड परीक्षा तैयारी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर वाड्रफनगर में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक

वाड्रफनगर में बोर्ड परीक्षा तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
वाड्रफनगर। आज दिनांक 07 फरवरी 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर श्री एम.आर. यादव द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वाड्रफनगर के सभागार में विकासखण्ड वाड्रफनगर अंतर्गत हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों के प्राचार्यों, शैक्षिक समन्वयकों एवं अशासकीय संस्थाओं के प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मुख्य रूप से आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में आहूत की गई थी।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा त्रैमासिक एवं अर्धवार्षिक परीक्षाओं के परीक्षा परिणामों तथा बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। समस्त प्राचार्यों ने जानकारी दी कि पाठ्यक्रम पूर्व में ही पूर्ण करा लिया गया है। साथ ही जिले में संचालित मिशन–40 डेज कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन रिवीजन, अभ्यास एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में समस्त आहरण संवितरण अधिकारियों को पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा कर्मचारियों के लंबित स्वत्वों एवं बकाया भुगतान तत्काल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डीफ (Deef) खाते एवं इनऑपरेटिव बैंक खातों को बंद कर शेष राशि चालान के माध्यम से जमा कराने के निर्देश भी दिए गए।

छात्रवृत्ति से संबंधित समस्त कार्य पूर्ण करने एवं लंबित ई-केवाईसी के निराकरण हेतु खाद्य विभाग से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त अपार आईडी जनरेशन में आ रही समस्याओं को लेकर प्राचार्यों एवं शैक्षिक समन्वयकों को जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की संपूर्ण प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। शैक्षिक समन्वयकों को अपने-अपने संकुल स्तर पर पात्र छात्र-छात्राओं के जन्म प्रमाण पत्र के आवेदन पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि तहसील में एक ही दिन में प्रमाण पत्र जारी कराया जा सके। जानकारी दी गई कि अब तक 506 आवेदन तहसील कार्यालय में जमा किए जा चुके हैं और तहसीलदार से समन्वय कर शीघ्र प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
बैठक में परीक्षा पूर्व समस्त संस्थाओं में फर्नीचर को व्यवस्थित करने, अनुपयोगी एवं टूटे-फूटे फर्नीचर हटाने, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। शासकीय संस्थाओं की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने हेतु निर्धारित राशि का चालान एवं आवेदन जमा कराने तथा भूमि सीमांकन कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही जर्जर भवनों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि भवनों के डिस्मेंटल की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जा सके। नशा मुक्ति अभियान के तहत प्रत्येक शनिवार को रैली निकालकर आमजन को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
इस बैठक में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर श्री श्याम किशोर जायसवाल, सहायक संचालक शिक्षा श्री रामपथ यादव, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री विनोद कुमार पंथ सहित विकासखण्ड के सभी शासकीय संस्थाओं के प्राचार्य, शैक्षिक समन्वयक एवं अशासकीय संस्थाओं के प्रधानपाठक एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।




