
जेल में विचाराधीन बंदी की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
रामानुजगंज, 21 फरवरी 2026।
जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के जिला जेल रामानुजगंज में एक विचाराधीन बंदी की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक बंदी की पहचान बिशुन राम देव कोड़ाकू (48 वर्ष) के रूप में हुई है। वह थाना पस्ता क्षेत्र के ग्राम सीतारामपुर पाठ दामरपारा का निवासी था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिशुन राम देव कोड़ाकू थाना पस्ता के अपराध क्रमांक 74/2023 के तहत विभिन्न धाराओं में आरोपित था। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 506, 323, 147, 148, 149, 450, 302 तथा टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4 और 5 के अंतर्गत मामला दर्ज था। वह 15 नवंबर 2023 से न्यायिक अभिरक्षा में था और प्रकरण माननीय द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश, रामानुजगंज की अदालत में विचाराधीन था।
बताया गया है कि 20 फरवरी 2026 की शाम लगभग 6 बजे अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उसे जांच एवं उपचार के लिए 100 बिस्तर अस्पताल, रामानुजगंज भेजा गया। वहां चिकित्सकों द्वारा उपचार किया गया। देर रात करीब 9:22 बजे चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया।

अगले दिन 21 फरवरी 2026 की सुबह उसकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। सुबह 10:05 बजे जेल प्रहरी उसे दोबारा 100 बिस्तर अस्पताल ले गए। अस्पताल में जांच और उपचार के दौरान सुबह लगभग 10:30 बजे उसकी मृत्यु हो गई।
मृत्यु की सूचना थाना पस्ता के माध्यम से मृतक के परिजनों को दी गई। इसके बाद 21 फरवरी 2026 को तहसीलदार रामानुजगंज की उपस्थिति में पंचनामा की कार्यवाही की जाएगी। चिकित्सकों की टीम द्वारा 100 बिस्तर अस्पताल में शव परीक्षण (पोस्टमार्टम) कराया जाएगा।
फिलहाल नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।



