गरियाबंदछत्तीसगढ़जंगलजसपुरजांजगीर चांपादिल्लीप्रतापपुरबलरामपुरबलौदा बाजारबस्तरबिलासपुरभरतपुर सोनहतभाजपाभारतमनेन्द्रगढ़महासमुंदमहेंद्रगढ़मुंबईरघुनाथनगरराजपुरराज्यसभारामचंद्रपुररामानुजगंजरायगढ़रायपुररायपुरवीजापुरसरगुजासुरजपुर

बलरामपुर : सनावल रोड पर दर्दनाक हादसा, ईंट लदे ट्रैक्टर ने चार युवकों को रौंदा, गांव में पसरा मातम

बलरामपुर : सनावल रोड पर दर्दनाक हादसा, ईंट लदे ट्रैक्टर ने चार युवकों को रौंदा, गांव में पसरा मातम

बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। ग्राम पीपरपान के पास सनावल रोड पर तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने वाहन रोकने के बजाय घायलों को काफी दूर तक घसीट दिया, जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतक युवक डिंडो बाजार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 6:30 बजे सुन्दरपुर मोड़ से आगे ग्राम पीपरपान के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर ईंट से लदा हुआ था और चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि हादसे के बाद चालक ने ट्रैक्टर रोकने की कोशिश नहीं की और घायल युवकों को करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया।

इस हादसे में रमेश पण्डो (19), मनोज पण्डो (21), नरेश पण्डो (19) और राकेश पण्डो (17) की मौत हो गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।

ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर समय पर बेहतर इलाज और त्वरित मदद मिल जाती तो शायद कुछ युवकों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और उसके चालक को जल्द पकड़ने की मांग की है। साथ ही दोषी चालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई जा रही है।

मामले में सनावल थाना प्रभारी टीआई बृजलाल भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए वाड्रफनगर अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button