बिहार जा रही दाल की खेप पर मंडी का शिकंजा, दस्तावेज नहीं मिलने से ट्रक जब्त

रामानुजगंज अंतरराज्यीय नाके पर मसूर दाल से भरे ट्रक पर कार्रवाई, जांच में अन्य सामग्री भी मिली
बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के रामानुजगंज अंतरराज्यीय नाके पर मंडी प्रशासन ने मसूर दाल से लदे एक ट्रक को जांच के दौरान रोककर कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रक क्रमांक CG 15 DZ 7165 रायपुर से छपरा (बिहार) जा रहा था।

जांच के दौरान ट्रक में 390 पैकेट (30 किलोग्राम पैक) मसूर दाल, 176 बोरी मसूर खड़ा दाल के अलावा अन्य सामग्री भी पाई गई। अंतरराज्यीय नाके पर दस्तावेजों की जांच के दौरान चालक मंडी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

मंडी सचिव मालिक राम पोर्ते ने बताया कि जांच के दौरान परिवहन की जा रही कृषि उपज एवं अन्य सामग्री के संबंध में आवश्यक मंडी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इस कारण ट्रक को नाके पर ही रोक दिया गया है और मामले में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि ट्रक में मौजूद अन्य सामग्री का भी सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वाहन मंडी प्रशासन की निगरानी में रखा गया है।
