शिक्षक दिवस पर सरस्वती विकास विद्यालय में शिक्षकों का सम्मान, शिक्षकों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया सम्मानित, विद्यार्थियों ने व्यक्त किया आभार …

मनेन्द्रगढ़। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर सरस्वती विकास विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष पूनम चंद अग्रवाल, संरक्षक कमल कुमार केजरीवाल, उपाध्यक्ष सुन्दर लाल दुग्गड़, समिति सदस्य सार्थक अग्रवाल एवं राजेंद्र पंसारी, प्राचार्य वेद प्रकाश पाण्डेय, प्रधान पाठक हीरालाल केवट एवं प्रधान पाठिका सुषमा श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इसके बाद छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों को टीका-चंदन लगाकर आत्मीय स्वागत किया। प्रिया सेन, माही यादव एवं श्यामा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कक्षा 12वीं की छात्रा रितिका मालिक ने स्वागत भाषण के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं शांति नाविक, सुशीला कुशवाहा, अंजलि वर्मा, प्रधान पाठिका सुषमा श्रीवास्तव, प्रधान पाठक हीरालाल केवट एवं वरिष्ठ शिक्षक पी.एन. तिवारी ने शिक्षक दिवस के महत्व और शिक्षक की भूमिका पर विचार रखे।
मुख्य अतिथि ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। समिति सदस्य सार्थक अग्रवाल एवं राजेंद्र पंसारी ने बदलते समय के साथ नई शिक्षण तकनीकों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर विद्यालय समिति की ओर से सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।

समापन अवसर पर प्राचार्य वेद प्रकाश पाण्डेय ने संस्था के पदाधिकारियों, समिति सदस्यों, अतिथि, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण का मार्गदर्शक भी होता है। समारोह उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


