छत्तीसगढ़रायपुर

मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ में 26 जनवरी पर की अहम घोषणाएं,,,बेटियों को मिलेंगे 20-20 हजार रुपये…

भारत के 73 वें गणतंत्र दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के लोगों के लिए कई योजनाओं की घोषणाएं की है। श्रमिक परिवारों की बेटियों हेतु मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना शुरू की जाएगी, जिसमें प्रथम 2 बेटियों के बैंक खाते में 20-20 हजार रुपये की राशि आएगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 73 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
       इस मौके पर सीएम भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की जनता के लिए कई घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं के अनुसार श्रमिक परिवारों की बेटियों हेतु मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत हितग्राहियों की प्रथम 2 पुत्रियों के बैंक खाते में 20-20 हजार रुपये की राशि का एकमुश्त भुगतान किया जाएगा. इसके साथ ही सीएम ने किसानों के लिए भी ऐलान करते हुए बताया कि अब खरीफ वर्ष 2022-23 से प्रदेश में दलहन फसल जैसे मूंग, उड़द, अरहर इत्यादि की खरीदी भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी.
       इसके साथ ही 26 जनवरी के मौके पर सीएम बघेल ने कहा कि लर्निंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया का सरलीकरण एवं बड़ी संख्या में परिवहन सुविधा केंद्र, युवा रोजगार हेतु आरंभ किए जाएंगे। वहीं रिहायशी क्षेत्रों में संचालित व्यवसायिक गतिविधियों के नियमितीकरण हेतु आवश्यक प्रावधान किए जाएंगे। समस्त अनियमित भवन निर्माण के नियमितीकरण हेतु इसी वर्ष कानून लाया जाएगा और नगर निगम के बाहर निवेश क्षेत्रों में 500 वर्ग मीटर के भूखंड हेतु बिना मानवीय हस्तक्षेप के भवन अनुज्ञा जारी की जाएगी। महिला सुरक्षा हेतु प्रत्येक ज़िले में “महिला सुरक्षा प्रकोष्ठ” का गठन किया जाएगा. प्रदेश में तीरंदाजी को प्रोत्साहित करने हेतु जगदलपुर में “शहीद गुण्डाधुर राज्य स्तरीय तीरंदाजी अकादमी” आरंभ की जाएगी. शासकीय कर्मचारियों के हित में “अंशदायी पेंशन योजना” के अंतर्गत राज्य सरकार का अंशदान 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button