घरेलू विवाद के बाद लकड़ी के डंडे से की गई थी मारपीट, इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत; आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

पत्नी पर शक में पिता की हत्या, आरोपी पुत्र गिरफ्तार
जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के थाना शंकरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत
ग्राम कोठली (लेफुआटोली) में पारिवारिक विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते एक युवक ने अपने ही पिता की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
ऐसे सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार 22 फरवरी 2026 को ग्राम कोठली निवासी सकुल राम चेरवा (उम्र 25 वर्ष) थाना शंकरगढ़ पहुंचा और मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 21 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे उसका चचेरा भाई बीरकुंवर चेरवा (उम्र 30 वर्ष) उसके घर आया और दरवाजा खुलवाकर कहा कि उसने अपने पिता हवल चेरवा को मार डाला है।
यह सुनकर सकुल राम तत्काल बीरकुंवर के घर पहुंचा, जहां हवल चेरवा घर के ढाबा (बरामदा) में खून से लथपथ पड़े थे। उनके सिर, दाहिने कान और दाहिने घुटने के पास गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों ने उन्हें तत्काल शंकरगढ़ अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पत्नी पर शक बना वजह
जांच में सामने आया कि आरोपी बीरकुंवर चेरवा अपनी पत्नी गोपी के चरित्र पर शक करता था। 21 फरवरी की शाम उसने पत्नी के साथ मारपीट की थी। मारपीट से आहत होकर पत्नी अपने बच्चे को लेकर घर से बस्ती की ओर चली गई।
शाम करीब 7:45 बजे बीरकुंवर घर लौटा और पत्नी को घर में नहीं पाया। इस पर उसने अपने पिता हवल चेरवा से पत्नी के बारे में पूछताछ की और आरोप लगाया कि वे उसे छिपा रहे हैं। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने लकड़ी के गेड़ा (डंडे) से अपने पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर और कान के पास गंभीर चोट लगने से हवल चेरवा अचेत होकर गिर पड़े। बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
आरोपी ने कबूला जुर्म
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना शंकरगढ़ में अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बीरकुंवर चेरवा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गांव में शोक का माहौल
घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पारिवारिक विवाद के चलते हुई इस हत्या ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।




