रामानुजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पॉलिटेक्निक कॉलेज और मोबाइल दुकान में चोरी के मामलों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

रामानुजगंज,। बलरामपुर जिले की रामानुजगंज पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार पहला मामला पॉलिटेक्निक कॉलेज आरगाही से जुड़ा हुआ है। इस मामले में ग्राम बुलगांव निवासी प्रदीप सिंह, जो कॉलेज में चौकीदारी का काम करते हैं, ने 5 मार्च को थाना रामानुजगंज पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 मार्च की रात वह अपने एक साथी के साथ कॉलेज परिसर में ड्यूटी कर रहे थे। उसी दौरान देर रात ग्राम सुभाषनगर निवासी ओम सरदार (19 वर्ष) और प्रसन्नजीत मंडल (22 वर्ष) कॉलेज का गेट फांदकर अंदर घुस गए और कॉलेज की छत पर लगी 6 स्ट्रीट एलईडी लाइट खोलकर चोरी कर ले गए।

चौकीदारों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन दोनों युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना रामानुजगंज में अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत धारा 331(4) और 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि दोनों आरोपी इलाके में ही मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई 6 एलईडी स्ट्रीट लाइट, जिनकी कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद कर ली। साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये है, भी जब्त की गई। कुल मिलाकर लगभग 1 लाख 21 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दूसरा मामला रामानुजगंज क्षेत्र के धनपुरी का है। यहां सूर्यकुमार की मोबाइल एक्सेसरीज और चॉइस सेंटर की दुकान में 12 जनवरी 2026 को दिनदहाड़े चोरी की घटना हुई थी। शिकायतकर्ता सूर्यकुमार ने उसी दिन थाना रामानुजगंज में लिखित आवेदन देकर बताया था कि दोपहर करीब 12 बजे एक युवक उनकी दुकान में घुसा और काउंटर से 5200 रुपये नकद और जियो कंपनी का एक मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 11/2026 के तहत धारा 303(2) और 331(3) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान तामेश्वर नगर निवासी अमन मिस्त्री (21 वर्ष) के रूप में हुई।
अपराध दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। इसी बीच 5 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अमन मिस्त्री होली का त्योहार मनाने अपने घर आया हुआ है और रामानुजगंज क्षेत्र में मोटरसाइकिल से घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया जियो कंपनी का मोबाइल फोन, चोरी की रकम में से 500 रुपये नकद तथा घटना में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक संजीव सिंह, महामाया सिंह और नागेश्वर पोर्ते का विशेष योगदान रहा।
रामानुजगंज पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




