
जिले में अवैध धान की आवक रोकने और किसानों को सुगम खरीदी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर राजेंद्र कटारा और सीईओ जिला पंचायत श्रीमती रैना जमील ने सीमावर्ती चेक पोस्टों और धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चेक पोस्टों और खरीदी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के तहत, विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम अनिरुद्धपुर में झारखंड सीमा पर बने चेक पोस्ट पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन कर रहे ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर और सीईओ के आदेशानुसार, राजस्व विभाग ने इन ट्रैक्टरों को जब्त कर पुलिस थाने को सुपुर्द कर दिया। साथ ही, रेत उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए राजस्व विभाग को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने इन मामलों में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कदम सुनिश्चित करता है कि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो और किसानों को धान खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने सुचारू और पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश देते हुए संबंधित विभागों को सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया है।


