कांग्रेस करेगी चरणबद्ध आंदोलन, बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के विरोध में होगा प्रदर्शन, दो महीनों तक चलेगा आंदोलन…
मनेन्द्रगढ़ । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को लेकर आंदोलन किया जाएगा । इसकी जानकारी देते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत आज एक अगस्त से हो गई है , इसके बाद 2 अगस्त से पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर के खिलाफ आवेदन भरवाएंगे और बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। इसके बाद बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव कर आवेदन जमा किए जाएंगे और उनकी पावती ली जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी की योजना के अनुसार जिला स्तर का अभियान पूरा होने के बाद प्रदेशभर से एकत्रित आवेदनों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। क्योंकि मुख्यमंत्री के पास ही ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी भी है। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में लगातार वृद्धि की गई है। अब तक बिजली दरों में 31.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है तथा बिजली बिलों में 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार भी जोड़ा गया है। कांग्रेस ने यह भी कहा कि उसकी सरकार के समय लागू 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को बंद कर दिया गया, जिसे पुनः लागू किया जाना चाहिए।



