
जतरों गांव में पटवारी पर जानलेवा हमला, शासकीय कार्य के दौरान हुई वारदात
बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जतरों गांव में शासकीय कार्य कर रहे पटवारी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। हल्का नंबर 22 के पटवारी सुनेश्वर सिंह आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए शासकीय भूमि का चिन्हांकन करने मौके पर पहुंचे थे, जो “सुशासन तिहार” अभियान के तहत प्राप्त आवेदन के निराकरण का हिस्सा था।
मौके पर मौजूद एक व्यक्ति और उसके पुत्र ने पटवारी पर ईंट से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। हमले में पटवारी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। यह वारदात उस समय हुई जब वे अपने सरकारी कर्तव्य का पालन कर रहे थे।
घटना की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय कर्मचारी पर जानलेवा हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस घटना से प्रशासनिक अमले में गहरी नाराजगी और चिंता का माहौल है। अधिकारियों ने इसे कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




