
मनेन्द्रगढ़। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी, अमेरिका में 10 से 22 सितंबर तक EPPI Con 2024 कांफ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें मनेन्द्रगढ़ विधायक व प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को कांफ्रेंस में शामिल होने का आमंत्रण मिला है। आई.आई.एम. रायपुर की टीम के तत्वाधान में आज स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के ग्लोबल आउटरीच के डायरेक्टर डॉ. अनुराग मैराल ने इस कांफ्रेंस में शामिल होने के लिए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को आमंत्रित किया. इस कांफ्रेंस के माध्यम से छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा करने के साथ ही राज्य की प्राथमिक स्वास्थ्य इकाइयों, आशा कार्यकर्ता एवं मितानिन को मजबूत करने की योजना पर चर्चा होगी. कांफ्रेंस के मुख्य उद्देश्य के अनुसार आशा एवं मितानिन कार्यकर्ताओं को डिजिटल साक्षर बनाने के लक्ष्य पर काम करना है साथ ही उन्हें आई.आई.एम, आई.आई.टी, एम्स एवं एनएनएलयू के साथ मिलकर ट्रेनिंग देकर और सक्षम बनाना है ताकि राज्य मे निचले स्तर पर ही बुनियादी एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सके।




