
बलरामपुर-रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत स्वर्गीय आरक्षक शिवबचन सिंह की पत्नी वर्षा रानी सिंह को 1 करोड़ रुपये का जीवन बीमा लाभ प्रदान किया गया। यह सहायता राशि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के माध्यम से प्रदान की गई, जिससे मृतक आरक्षक के परिवार को आर्थिक संबल मिला है।
आरक्षक क्रमांक 809 शिवबचन सिंह जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के थाना सनावल में पदस्थ थे। 12 मई 2025 की रात लगभग 1:30 बजे थाना सनावल क्षेत्र में अवैध रेत तस्करी की सूचना मिलने पर वे कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान झारखंड से आए रेत तस्करों को रोकने का प्रयास करते समय तस्करों ने ट्रैक्टर से उन्हें टक्कर मार दी और कुचलते हुए झारखंड की ओर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल आरक्षक शिवबचन सिंह घटनास्थल पर ही बेहोश हो गए थे। उन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल रामानुजगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्वर्गीय आरक्षक शिवबचन सिंह अपने सरल स्वभाव, सौम्यता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए विभाग में जाने जाते थे। उन्होंने हमेशा अपने दायित्वों का ईमानदारी और तत्परता के साथ निर्वहन किया। उनकी असामयिक मृत्यु से पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुलिस कर्मियों के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू कर निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत जिन पुलिसकर्मियों के वेतन खाते एसबीआई में संचालित होते हैं, उन्हें कई प्रकार की सुविधाएं और सुरक्षा कवच प्रदान किए जाते हैं। योजना के अनुसार दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु होने पर पुलिसकर्मी के वैध नामिनी को 1 करोड़ रुपये का जीवन बीमा कवर दिया जाता है, जबकि सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
इसी योजना के अंतर्गत एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक अंबिकापुर अविनाश पाणिग्रही तथा एसबीआई मुख्य प्रबंधक बलरामपुर अभय सिंह द्वारा स्वर्गीय आरक्षक शिवबचन सिंह की नामिनी पत्नी वर्षा रानी सिंह को 1,00,00,000 रुपये (एक करोड़ रुपये) का जीवन बीमा चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर (भापुसे) भी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने कहा कि पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिस विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुए समझौते के तहत संचालित एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है। यह योजना पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से बनाई गई है। उन्होंने कहा कि यह सहायता राशि मृतक पुलिसकर्मी के परिवार के लिए आर्थिक संबल के साथ-साथ विभाग की संवेदना और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने वेतन खातों को अनिवार्य रूप से निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत पंजीकृत कराएं, ताकि भविष्य में किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।




