छत्तीसगढ़ बलरामपुर राजनीति स्थानीय समाचार नगर पालिका / निकाय चुनाव प्रशासन

रामानुजगंज नगर पालिका में नव नियुक्त एल्डरमैन ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, कृषि मंत्री रामविचार नेताम रहे मुख्य अतिथि

रामानुजगंज नगर पालिका में नव नियुक्त एल्डरमैन ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, कृषि मंत्री रामविचार नेताम रहे मुख्य अतिथि

रामानुजगंज, बलरामपुर।
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर पालिका में नव नियुक्त पांच एल्डरमैन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों का विधिवत निर्वहन शुरू किया। लरंग साय कम्युनिटी हॉल में आयोजित गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पार्षदों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।



कार्यक्रम की शुरुआत शपथ ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया से हुई, जहां एसडीएम आनंद नेताम ने नव नियुक्त एल्डरमैन नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के लिए  सुभाष केशरी, मोहन गुप्ता,  जय प्रकाश केशरी,  सीमा रवि ,अनूप कश्यप को एल्डरमैन को पद ओर गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद सभी एल्डरमैन ने नगर के विकास, जनहित और अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नव नियुक्त एल्डरमैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। सरकार प्रदेश के शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका से विकास कार्यों को और गति मिलेगी।



नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने सभी नव नियुक्त एल्डरमैन का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अब तक नगर के विकास संबंधी योजनाओं पर अध्यक्ष और 15 पार्षद मिलकर निर्णय लेते थे, लेकिन छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पांच एल्डरमैन की नियुक्ति किए जाने से नगर पालिका को अतिरिक्त सहयोग मिलेगा। इससे विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, जनहित के कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों में और अधिक मजबूती आएगी।



रमन अग्रवाल ने विश्वास जताया कि सभी पांचों एल्डरमैन अपने अनुभव और सुझावों से नगर के विकास को नई दिशा देंगे तथा नगरवासियों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधि मिलकर टीम भावना के साथ कार्य करेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने नव नियुक्त एल्डरमैन को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में नगर पालिका के पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे समारोह का वातावरण उत्साहपूर्ण और गरिमामय रहा।

Back to top button