चिरमिरीछत्तीसगढ़

चिरमिरी में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, पुलिस ने कहा-“त्योहार खुशियों के लिए हैं, कानून तोड़ने के लिए नहीं…


एमसीबी । मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के थाना चिरमिरी प्रांगण में आगामी होली एवं मुस्लिम समाज के पवित्र रमजान माह के मद्देनज़र शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम चिरमिरी, थाना प्रभारी, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, महापौर एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी त्योहार शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन की सख्त हिदायतें


होली के दौरान जबरन रंग लगाने, हुड़दंग मचाने, नशे की हालत में वाहन चलाने, डीजे की समय सीमा का उल्लंघन करने, अश्लील हरकतें करने या सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने, धार्मिक भावनाओं को आहत करने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाएगा। साथ ही रमजान माह में नमाज के समय शांति व्यवस्था भंग करने या अफवाह फैलाने वालों पर भी तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी विजय सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा की “त्योहार खुशियों के लिए हैं, कानून तोड़ने के लिए नहीं। शांति भंग करने वालों के साथ पुलिस सख्ती से निपटेगी।” बैठक में आमजन से अपील की गई कि अफवाहों से दूर रहें, आपसी सद्भाव बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
चिरमिरी पुलिस ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। चिरमिरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि शांति बनाए रखने वालों के साथ प्रशासन कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है, लेकिन हुड़दंगियों के लिए कानून पूरी तरह सख्त रहेगा।

Related Articles

Back to top button