राखी की डोर से किया कर्मवीरों के कर्तव्य को नमन, अभाविप ने मनाया अनूठा रक्षाबंधन
अभाविप ने कर्मवीरों की कलाई पर बांधा स्नेह का धागा, राखी से किया कर्तव्य को नमन

राखी की डोर से किया कर्मवीरों के कर्तव्य को नमन, अभाविप ने मनाया अनूठा रक्षाबंधन
बैकुंठपुर, कोरिया। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) नगर इकाई बैकुंठपुर, जिला कोरिया द्वारा समाजसेवा से जुड़ी अनूठी पहल की गई। परिषद की छात्र बहनों ने पुलिसकर्मियों, डॉक्टरों और सफाई कर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

“एक राखी कर्तव्य को नमन” की भावना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए निरंतर सेवाएं देने वाले कर्मवीरों को सम्मानित किया गया। छात्र बहनों ने कहा कि ये कर्मचारी कई बार अपने परिवार और व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं से दूर रहकर समाज की सेवा में जुटे रहते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर उन्हें राखी बांधना उनके समर्पण के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को उनकी सुरक्षा सेवाओं, डॉक्टरों को स्वास्थ्य सेवाओं तथा सफाई कर्मियों को शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। राखी बांधकर छात्र बहनों ने कर्मवीरों के प्रति आभार जताया और उनके निरंतर सेवा कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर नगर मंत्री आयुषी साहू, माही, पंकज, जिला संयोजक बलबीर पुषाम सहित अभाविप के अन्य कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अभाविप की इस पहल ने रक्षाबंधन के पर्व को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि राखी केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज की सेवा और सुरक्षा में समर्पित लोगों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की डोर भी बन सकती है।


