बलरामपुर में ED की कार्रवाई से मचा हड़कंप, अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया से पूछताछ
बलरामपुर में ED की दबिश, अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया से पूछताछ जारी

बलरामपुर में ED की दबिश, अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया से पूछताछ जारी
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम के पहुंचने से प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, ED की टीम दो वाहनों से बलरामपुर पहुंची और सीधे सर्किट हाउस गई। यहां अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया को बुलाकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पूछताछ फिलहाल जारी है।
चेतन बोरघारिया पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के OSD भी रह चुके हैं। हालांकि, ED की इस कार्रवाई का सटीक कारण और पूछताछ के विषय को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

फैक्ट्री में भी जांच की सूचना
जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसियों की टीम एक फैक्ट्री में भी दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखे जाने और बिना अनुमति किसी को बाहर निकलने की इजाजत नहीं दिए जाने की बात सामने आई है।
ED और इनकम टैक्स की संयुक्त कार्रवाई की खबर फैलने के बाद फैक्ट्री के आसपास लोगों की भीड़ भी जुटने लगी। कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

आधिकारिक जानकारी का इंतजार
ED की टीम के सर्किट हाउस पहुंचने के बाद आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हैं।
फिलहाल जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों या ED की ओर से छापेमारी और पूछताछ को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच का मुख्य कारण क्या है और जांच एजेंसियों को इस दौरान कौन से तथ्य या दस्तावेज मिले हैं।


