शिक्षकों की मनमानी पर कलेक्टर का शिकंजा, वीएसके ऐप पर हाजिरी अनिवार्य; गैर हाजिरों का रुकेगा वेतन
वीएसके ऐप पर रोजाना हाजिरी अनिवार्य, लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों का रुकेगा वेतन

बलरामपुर, 13 नवंबर 2026। जिले में शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और स्कूलों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप के माध्यम से शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों की प्रतिदिन ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना सूचना अनुपस्थित रहने अथवा उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और उनका वेतन भी रोका जा सकता है।

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वीएसके ऐप पर उपस्थिति दर्ज कराने की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। बीईओ स्वयं ऐप में लॉगिन कर प्रतिदिन अपने विकासखंड के स्कूलों की उपस्थिति की जांच करेंगे। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने अवकाश व्यवस्था को भी ऐप से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। कर्मचारियों के अवकाश आवेदनों का तत्काल निराकरण कर स्वीकृति अथवा अस्वीकृति की जानकारी वीएसके ऐप में दर्ज करने को कहा गया। बिना अवकाश स्वीकृत कराए स्कूल से अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही माना जाएगा। इसके साथ ही सेवानिवृत्त, दिवंगत और स्थानांतरित कर्मचारियों के नाम cgschool.in पोर्टल एवं वीएसके ऐप से तत्काल हटाकर ऑनलाइन रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।

ऑफलाइन मोड से दर्ज होगी उपस्थिति
बैठक में नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने में आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र निरापुरे ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग ने सीजीवीएसके ऐप को अपग्रेड किया है। अब इसमें ऑफलाइन मोड और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की सुविधा उपलब्ध है। इसके माध्यम से शिक्षक बिना इंटरनेट के भी स्कूल परिसर में चेक-इन कर सकेंगे। उपस्थिति का समय, तारीख, बायोमेट्रिक सत्यापन और जीपीएस लोकेशन मोबाइल में सुरक्षित रहेंगे तथा नेटवर्क उपलब्ध होने पर स्वतः मुख्य सर्वर से सिंक हो जाएंगे। इससे नेटवर्क की अनुपलब्धता को उपस्थिति दर्ज नहीं करने का कारण नहीं बनाया जा सकेगा।
बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने पर भी जोर
बैठक में कलेक्टर ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मिशन आचार्य के तहत स्कूलों में स्टडी कॉर्नर विकसित करने और विद्यार्थियों में प्रतिदिन 20 मिनट पढ़ने की आदत विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं का पाठ्यक्रम निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए कमजोर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा। विद्यार्थियों को चैप्टरवार तैयारी कराने, ब्लूप्रिंट के आधार पर उत्तर लेखन का अभ्यास कराने तथा प्रत्येक सप्ताह टेस्ट सीरीज आयोजित कर परिणामों का विश्लेषण करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त कक्षाओं और विशेष शिक्षण गतिविधियों को प्रभावी बनाने के साथ विद्यार्थियों का अपार आईडी पंजीयन शत-प्रतिशत पूरा कराने को भी कहा गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्कूलों में औचक निरीक्षण और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा अवधि को देखते हुए अनावश्यक अवकाश पर नियंत्रण रखने तथा स्कूलों में अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए प्राचार्यों, शिक्षकों और विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करना होगा। आगामी समीक्षा बैठक में स्कूलवार उपस्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन और परीक्षा परिणामों में सुधार स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र निरापुरे, सहायक जिला परियोजना अधिकारी श्री ओम प्रकाश गुप्ता, डीपीओ साक्षर भारत श्री हीरालाल पटवा, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्त्रोत समन्वयक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



