Balrampur news, Ramanujganj news, Chhattisgarh CMO, chhattisgarh news, balrampur news

रविवार को मौत, सोमवार रात फिर गांव में हाथी की दस्तक

शिवपुर में हाथी का आतंक बरकरार, धान की फसल रौंदी; ग्रामीणों में दहशत

शिवपुर में हाथी का आतंक बरकरार, धान की फसल रौंदी; ग्रामीणों में दहशत

रामानुजगंज। वन परिक्षेत्र रामानुजगंज के ग्राम शिवपुर में सोमवार देर रात एक बार फिर हाथी के विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा। हाथी ने खेतों में लगी धान की फसल को पूरी तरह रौंदकर किसानों को नुकसान पहुंचाया। क्षेत्र में लगातार हाथी की मौजूदगी से ग्रामीण भयभीत हैं और वन विभाग से सुरक्षा को लेकर ठोस पहल की मांग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि रविवार सुबह हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सहयोग राशि प्रदान की थी। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता और हाथियों से दूरी बनाए रखने को लेकर वन विभाग की ओर से पर्याप्त स्तर पर पहल नजर नहीं आ रही है।

लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। सोमवार रात हाथी के दोबारा गांव के आसपास पहुंचने से लोगों की चिंता और बढ़ गई। खबर लिखे जाने तक हाथी क्षेत्र में ही विचरण कर रहा था।

इस संबंध में एसडीओ अनिल पैकरा  से बात की गई तो उन्होंने बताया कि किसानों की फसल क्षति का प्रकरण तैयार कराया गया है और नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने और ग्रामीणों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए वन विभाग के स्टाफ को निर्देशित किया गया है।

एसडीओ ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथी के नजदीक न जाएं, देर रात घर से बाहर न निकलें और जंगल की ओर जाने से बचें। उन्होंने कहा कि सावधानी बरतकर किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सकता है।

Related Articles

Back to top button