बलरामपुर

हाट-बाजार क्लीनिक योजना के माध्यम से ग्रामीणों को जांच उपरांत मिल रही है निःशुल्क दवाईयां

बलरामपुर जिले में  मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना के माध्यम से जिले में अप्रैल 2022 से अब तक 24 हजार 946 मरीज लाभान्वित हुए है। सप्ताहिक हाट-बाजार में आसपास के गांवों से लोग रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदने आते हैं। दरअसल मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना के माध्यम से यह सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है कि दूर-दराज के ग्रामीणजनों को बाजार में ही इलाज की सुविधा मिल सके और अपने इलाज के लिए उन्हें लम्बी दूरी तय कर अस्पताल न आना पड़े। हाट-बाजार क्लीनिक योजना के माध्यम से ग्रामीणों को लक्षण के आधार पर जांच उपरांत निःशुल्क दवाईयां मिल रही है। हाट-बाजार क्लीनिक योजना के माध्यम से 01 अप्रैल 2022 से अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीम 449 हाट-बाजारों में पहुंची तथा 24 हजार 946 लोगों का जांच/उपचार किया। साथ ही 24 हजार 908 लोगों को निःशुल्क दवाइयां दी गई, टीम ने प्रत्येक हाट-बाजारों में औसतन 56 लोगों का उपचार किया।


स्वास्थ्य सेवाओं की सहज उपलब्धता तथा दूरस्थ अंचलों तक इसका दायरा बढ़ाने के लिए हाट-बाजारों में 13 मोबाईल क्लीनिक एम्बुलेंस का भी सहारा लिया जा रहा है। मोबाईल एम्बुलेंस क्लीनिक के माध्यम से चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों का दल हाट-बाजारों में लोगों का इलाज कर निःशुल्क दवाईयां उपलब्ध करा रहा है। प्रशासन के निर्देशानुसार वर्तमान में 74 हाट-बाजारों में मोबाईल एम्बुलेंस की सेवाएं दी जा रही हैं तथा सभी हाट-बाजारों को चक्रीय क्रम में मोबाईल एम्बुलेंस की सेवा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। हाट-बाजारों में आने वाले ग्रामीणों को गैर संचारी रोगों की सेवाएं तत्काल मिल रही हैं तथा अन्य बीमारियों के इलाज के लिए उचित सलाह दी जा रही है और आवश्यकतानुसार मरीजों को रेफर भी किया जा रहा है। मोबाईल एम्बुलेंस चलता-फिरता अस्पताल बन गया है जहां डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की सेवाएं निःशुल्क मिल रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button