बलरामपुर

280 जोड़ों का विवाह मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया उपस्थिति में संपन्न

ANAND MISHRA OFFICIAL PRESENTS

मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत जिला मुख्यालय बलरामपुर के हाईस्कूल ग्राउण्ड में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 280 जोड़े जिसमें 263 हिन्दू एवं 17 ईसाई रीति रिवाज से विवाह सम्पन्न हुआ। इस समारोह में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया नवविवाहित वर-वधु को आशीर्वाद देने पहुंची। इस दौरान उन्होंने नव दम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए सफल वैवाहिक जीवन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।


महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज काफी खुशी का दिन है, जहां हम सभी 280 जोड़ों के विवाह कार्यक्रम में उपस्थित हुए हैं एवं इनके विवाह के साक्षी बनने आये हैं। मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना में सभी समाज के लोग जुड़ रहे हैं, जहां अनेकता में एकता देखने को मिल रहा है तथा प्रत्येक वर्ग के लोग इस योजना का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह की अनुदान राशि को 15 हजार बढ़ाकर से 25 हजार रूपए एवं दिव्यांग नवदम्पतियों हेतु अनुदान की राशि 25 हजार से 50 हजार रूपये कर दी गई है। हमारे प्रदेश में अधिकतर गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवार निवास करते हैं, जिन्हें अपने बच्चों के बड़े होने पर शादी की चिंता सताती रहती थी। आज इस योजना से विभिन्न वर्गों के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने नवदम्पतियों से कहा कि आप लोग दो परिवारों को संवारने का काम करने वाले हैं।

उन्होंने नव वधुओं से कहा कि आपको ससुराल में सास को अपनी मां के जैसे ही सम्मान और प्यार देना है। पति-पत्नी का रिश्ता एक अटूट रिश्ता है, यदि आपस में कोई नोक-झोंक होती है तो उसे प्यार एवं सामंजस्य से समाधान करें।


सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह ने सभी नव दम्पतियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शादी एक पवित्र रिश्ता है, आप लोग एक-दूसरे पर भरोसा कर सुखी वैवाहिक जीवन यापन करें। उन्होंने इस आयोजन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी। संसदीय सचिव व सामरी विधायक चिन्तामणी महाराज ने भी सभी नवदम्पतियों को साधुवाद दी एवं वैवाहिक जीवन को सफल बनाने की कामना की।


इस अवसर पर जिला पंचायत की स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास कल्याण समिति की सभापति श्रीमती गीता सोनहा, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, वनमडलाधिकारी विवेकानन्द झा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रीता यादव, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बलरामपुर भरत कौशिक, रामानुजगंज गौतम सिंह, शंकरगढ़ प्रवेश पैंकरा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग जे.आर.प्रधान, महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक सहित भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button