सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में खैरवार/खेरवार/खरवार समाज का ऐतिहासिक महा सम्मेलन “मुख्य अतिथि के रूप में राम विचार नेताम हुए शामिल”

सनवाल में खैरवार समाज का महा सम्मेलन — जाति प्रमाण पत्र, नशा मुक्ति और समाज उत्थान पर हुई गहन चर्चा
रामानुजगंज (छत्तीसगढ़)। जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के ग्राम पंचायत सनवाल में रविवार को खैरवार/खेरवार/खरवार समाज का विशाल महा सम्मेलन आयोजित किया गया। यह सम्मेलन दुर्गा मंदिर प्रांगण में सम्पन्न हुआ, जिसमें प्रदेशभर से समाज के पदाधिकारी, प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम रहे।
नीलाम्बर-पीताम्बर के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत समाज के वीर नायकों नीलाम्बर और पीताम्बर के तैल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से की गई। समाज के वरिष्ठ जनों और अतिथियों ने उन्हें नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

रामविचार नेताम बोले — जाति प्रमाण पत्र की समस्या जल्द होगी दूर
मुख्य अतिथि रामविचार नेताम ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि समाज ने आज एक बड़ी और ज्वलंत समस्या पर एकजुट होकर आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि जब कोई कार्य संगठन के रूप में किया जाता है तो उसे कोई रोक नहीं सकता।
नेताम ने कहा कि खैरवार समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र को लेकर जिस कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, उसे सरकार गंभीरता से देख रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि वे स्वयं मुख्यमंत्री और राज्यपाल से मुलाकात कर इस विषय पर केंद्र सरकार को विशेष पत्र जारी करवाएंगे ताकि समाज के हित में ठोस निर्णय लिया जा सके।
नशा मुक्ति और शिक्षा पर जोर
नेताम ने समाज से नशा छोड़ने की अपील करते हुए कहा, “हमारा समाज नशे की गिरफ्त में बर्बाद हो रहा है। जब तक हम नशा नहीं छोड़ेंगे, तब तक आगे नहीं बढ़ पाएंगे।”
उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा की ओर ध्यान देना चाहिए, तभी समाज का भविष्य उज्जवल होगा।
भवन निर्माण के लिए घोषणा
सम्मेलन में मंत्री नेताम ने समाज के लिए 20 लाख रुपए की राशि भवन निर्माण हेतु देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने अहाता निर्माण और शेड निर्माण के लिए 12 लाख रुपए अतिरिक्त देने की भी घोषणा की, जिससे समाज के सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी व्यवस्था तैयार हो सके।

खैरवार, खेरवार, खरवार — समान समाज की मान्यता पर चर्चा
सम्मेलन में प्रमुख वक्ता प्रदेश सचिव भगवान सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खैरवार, खेरवार और खरवार तीनों नाम एक ही समाज को दर्शाते हैं। मात्र नाम की त्रुटियों के कारण समाज को अलग-अलग श्रेणी में रखे जाने से भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि समाज के बच्चों को 12वीं कक्षा तक तो जाति प्रमाण पत्र मिल जाता है, लेकिन उच्च शिक्षा या सरकारी नौकरियों में आवश्यक स्थायी प्रमाण पत्र नहीं बन पाने के कारण वे शिक्षा और रोजगार दोनों से वंचित हो रहे हैं।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस त्रुटि का शीघ्र समाधान कर सभी संबंधित समाजों को समान मान्यता दी जाए।

वक्ताओं ने रखी अपनी बात
कार्यक्रम में बबलानंद सिंह, मुंद्रिका सिंह, प्रदेश अध्यक्ष बुद्धदेव सिंह, रामकिशुन सिंह, तारावती सिंह, वीर सिंह और मोहन सिंह सहित कई वक्ताओं ने समाज की वर्तमान स्थिति और चुनौतियों पर अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि समाज के उत्थान में सबसे बड़ी बाधा शिक्षा की कमी और नशे की प्रवृत्ति है। उन्होंने कहा कि यदि हर घर में परिवार एक साथ बैठकर भोजन करने की परंपरा शुरू की जाए तो बच्चों में अनुशासन और संस्कार आएंगे और वे नशे से दूर रहेंगे।
सभी वक्ताओं ने समाज के युवाओं से शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम संचालन और उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मण सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज के बीच एकता, जागरूकता और संगठन को मजबूत करना है।
सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों समाजजनों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वातावरण में सामाजिक एकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।



