राजपुर में आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब और नशीले इंजेक्शन के दो तस्कर गिरफ्तार

आबकारी उड़नदस्ता को बड़ी सफलता: राजपुर में अवैध शराब व नशीले इंजेक्शन के दो तस्कर गिरफ्तार
बलरामपुर (छत्तीसगढ़), 11 अक्टूबर 2025।
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा को आज नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। टीम ने जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के राजपुर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब और नशीले इंजेक्शन की बड़ी खेप बरामद की। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
ढाबे से अवैध शराब बरामद
गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि बघिमा स्थित शर्मा ढाबा में अवैध विदेशी शराब बेची जा रही है। सूचना पर आबकारी उड़नदस्ता की टीम मौके पर पहुंची। उस समय ढाबे का संचालन अरुण कुमार सिंह कर रहा था, जबकि मालिक मौजूद नहीं था।
ढाबे और उसके आवास की तलाशी लेने पर वहां से 13 नग सिंबा स्ट्रांग बियर, 2 नग रॉयल चैलेंज व्हिस्की की बोतलें और 10 पाव आफ्टर डार्क व्हिस्की बरामद की गईं।
आबकारी अधिनियम के तहत आरोपी अरुण कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेजने का आदेश मिला।
इंजेक्शन विक्रेता से 1.06 लाख के नशीले इंजेक्शन जब्त
इसी दौरान टीम को एक और सूचना मिली कि बूढ़ा बगीचा राजपुर में सूरज सोनी, जो इंजेक्शन विक्रेता है, अपने घर और दुकान से नशीले इंजेक्शन खुलेआम बेच रहा है।
आबकारी उड़नदस्ता टीम ने सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में तत्काल कार्रवाई की और सूरज सोनी के घर एवं दुकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान किचन रूम से एक थैली में छिपाकर रखे गए 53 नग REXOGESIC इंजेक्शन और 53 नग AVIL इंजेक्शन बरामद किए गए।

इन नशीले इंजेक्शनों की बाजार कीमत लगभग ₹53,000 आंकी गई है। आरोपी सूरज सोनी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
नशा मुक्त सरगुजा की दिशा में लगातार अभियान
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सरगुजा संभाग को नशीले पदार्थों और अवैध शराब के जाल से मुक्त करने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, और ओम प्रकाश गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।



