सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय में साइबर एवं महिला सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम

सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय में साइबर एवं महिला सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अंबिकापुर, 11 अक्टूबर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य वक्ता साइबर वॉलंटियर एवं पुलिस मितान अतुल गुप्ता ने विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग लिंक, ओटीपी शेयरिंग, लोन एप्स, गेमिंग-बेटिंग साइट्स, हनी ट्रैप और फर्जी कॉल्स के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराध की शिकायत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930, www.cybercrime.gov.in अथवा www.sancharsaathi.gov.in पर दर्ज की जा सकती है। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, डायल 112, और अभिव्यक्ति एप के उपयोग की जानकारी दी गई।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा मिश्रा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया की वास्तविक चुनौतियों से अवगत कराते हैं।
महिला थाना अंबिकापुर से महिला आरक्षक सविता मरावी एवं लोरेता एक्का ने छात्राओं को ऑनलाइन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और फर्जी प्रोफाइल जैसे अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी (रा.से.यो.) रानी रजक, सहायक कार्यक्रम अधिकारी सीमा बंजारे, शिक्षण स्टाफ, एन.एस.एस. स्वयंसेवक, तथा साइबर वॉलंटियर टीम से विक्की गुप्ता, श्रुति तिवारी एवं अनमोल बारी उपस्थित रहे।


