राष्ट्रीय एकता दिवस पर बलरामपुर और रामानुजगंज में एकता दौड़ का आयोजन

बलरामपुर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर निकली एकता दौड़
युवाओं, अधिकारियों और नागरिकों ने दिया ‘विविधता में एकता’ का संदेश
बलरामपुर, 31 अक्टूबर 2025 — लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय बलरामपुर में शुक्रवार को “राष्ट्रीय एकता दौड़” (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया गया। पुराना बस स्टैंड से शुरू हुई यह दौड़ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर के खेल मैदान तक संपन्न हुई।

इस दौड़ में युवाओं, अधिकारी-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलेक्टर राजेंद्र कटारा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी और जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। मौके पर अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, चेतन बोरघरिया, आर.एन. पाण्डेय सहित अनेक अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई और सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है, और हर नागरिक को उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी ने भी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत के एकीकरण में जो योगदान दिया, वह अद्वितीय है। अधिकारीगणों ने इस अवसर पर सभी को जयंती की शुभकामनाएं दीं और युवाओं से देश की एकता और विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इसी क्रम में रामानुजगंज में भी “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया। यह दौड़ गेस्ट हाउस से लेकर लंरग चौक तक संपन्न हुई। कार्यक्रम में एसडीएम आनंद नेताम, तहसीलदार मनोज पैकरा और एसडीओपी बाजीलाल उपस्थित रहे। समापन अवसर पर एसडीओपी बाजीलाल ने सभी को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर हर वर्ष की तरह इस बार भी राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। सभी वर्गों के लोगों ने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर एकता और सद्भाव का संदेश दिया तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।





