पलगी में सीसी रोड निर्माण पर फिर उठे सवाल, ग्रामीणों ने की गुणवत्ता जांच की मांग

पलगी में सीसी रोड निर्माण पर फिर उठे सवाल, ग्रामीणों ने की गुणवत्ता जांच की मांग
बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पलगी में मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत बन रही सीसी रोड एक बार फिर विवादों में है। कुछ दिन पहले स्थानीय विधायक और कृषि मंत्री राम विचार नेताम को जिला प्रवास के दौरान ग्रामीणों ने व्हाट्सएप के माध्यम से दी थी जिसके बाद नेताम ने काम रुकवाया था और स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सड़क का निर्माण मानक के अनुसार हो।

लेकिन मंत्री के जिले से लौटते ही ठेकेदार ने काम दोबारा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि काम फिर उसी तरीके से हो रहा है, जिसकी शिकायत पहले की गई थी। हैरानी की बात यह है कि संबंधित विभाग के अधिकारी अब तक स्थल निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचे। न ही गुणवत्ता की जांच की गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब आधा किलोमीटर से अधिक सड़क बन चुकी है। आरोप है कि 30,20,11 एमएम की गिट्टी से सड़क तैयार की जा रही है और निर्माण इतना कमजोर है कि कई जगहों पर सड़क में दरारें दिखने लगी हैं। धूल उखड़ने की समस्या भी सामने आई है।

गांव वालों का यह भी कहना है कि निर्माण शुरू होने से पहले कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया, जबकि नियम के अनुसार लागत, दूरी, लेयर, सामग्री और विभागीय जानकारी का उल्लेख अनिवार्य होता है। यहां तक कि सरपंच तक को भी निर्माण की जानकारी नहीं दी गई।

जांच में पता चला है कि यह सड़क मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत PMJASY कार्यालय से संचालित हो रही है, लेकिन विभागीय अधिकारी अब तक मौके पर नहीं पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि काम शुरू होने से लेकर अब तक किसी अधिकारी ने सड़क की हालत तक नहीं देखी।
अब सवाल यह है कि खबर सामने आने के बाद क्या विभागीय कार्रवाई होगी, और क्या सड़क की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा। इसका जवाब आने वाला समय देगा, लेकिन फिलहाल ग्रामीणों में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है।


