शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामा, 6 आरोपी जेल; अब तक 21 पर कार्रवाई

बालक छात्रावास की जमीन पर अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, 6 और आरोपी गिरफ्तार ,अब तक 21 आरोपी जेल भेजे गए, पुलिस जांच जारी
रामचंद्रपुर (जिला बलरामपुर-रामानुजगंज, छत्तीसगढ़)।
बालक छात्रावास रामचंद्रपुर की शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के दौरान राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट, धक्का-मुक्की और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने 6 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले इस प्रकरण में 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तक कुल 21 आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
यह मामला थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 54/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 191(1), 221 और 132 के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
अतिक्रमण हटाने के दौरान भड़का विवाद
मामले के अनुसार, 9 दिसंबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के आदेश के पालन में बालक छात्रावास रामचंद्रपुर की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। मौके पर तहसीलदार अश्वनी चंद्रा, नायब तहसीलदार, पटवारीगण तथा अन्य राजस्व कर्मचारी पुलिस बल के साथ उपस्थित थे।
राजस्व टीम द्वारा कब्जाधारियों को भूमि खाली करने और अवैध निर्माण हटाने की विधिवत कार्रवाई शुरू की गई। इसी दौरान आरोप है कि कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए आक्रोशित भीड़ के साथ अधिकारियों को घेर लिया।
आरोपियों ने कथित रूप से तहसीलदार और अन्य कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की तथा लाठी-डंडों से हमला करने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, लगभग दो घंटे तक राजस्व अधिकारियों को मौके पर घेरकर रखा गया और सड़क जाम कर दी गई, जिससे शासकीय कार्य बाधित हुआ।

तहसीलदार की शिकायत पर दर्ज हुआ अपराध
घटना के बाद 11 दिसंबर 2025 को तहसीलदार अश्वनी चंद्रा ने थाना रामचंद्रपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 54/2025 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे और जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। पुलिस टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
दो चरणों में हुई गिरफ्तारी
9 फरवरी 2026 को पुलिस ने इस मामले में 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इसके बाद मुखबिर से मिली ठोस सूचना के आधार पर 11 फरवरी 2026 को 6 अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। विधिवत पूछताछ और साक्ष्य संकलन के बाद सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपियों ने रामानुजन थाने में भी अपनी गिरफ्तारी दी है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
हाल में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं —
मोहम्मद बक्स (43 वर्ष), पिता समीद अंसारी, ग्राम अनिरूद्धपुर
माहताब अंसारी (36 वर्ष), पिता आजम अंसारी, ग्राम अनिरूद्धपुर
रिजवान अंसारी (24 वर्ष), पिता सुभान अंसारी, ग्राम रामचंद्रपुर
अलीबक्स अंसारी (35 वर्ष), पिता अनीस अंसारी, ग्राम रामचंद्रपुर
इब्राहिम अंसारी (45 वर्ष), पिता नेयामत अंसारी, ग्राम रेवतीपुर
नूर मोहम्मद (25 वर्ष), पिता जुलफन अंसारी, ग्राम रेवतीपुर
सभी आरोपी थाना रामचंद्रपुर क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस की अपील और आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शासन के निर्देशानुसार की जा रही थी। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और अधिकारियों पर हमला करने के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मामले की विवेचना अभी जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस से संबंधित खबर




