बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में डायल-112 सेवा की शुरुआत, अब आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में डायल-112 सेवा की शुरुआत, अब आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता
बलरामपुर-रामानुजगंज, 09 मई 2026। जिले में अपराध नियंत्रण, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डायल-112 सेवा की शुरुआत कर दी गई है। इस नई व्यवस्था के तहत आपात स्थिति में आम नागरिकों को अब पहले से अधिक तेज और बेहतर पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार जिले में डायल-112 योजना के तहत प्राप्त एक टेस्टिंग वाहन को पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके साथ ही जिले में डायल-112 सेवा औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डायल-112 सेवा का मुख्य उद्देश्य जिले में पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को अधिक तेज और मजबूत बनाना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पीड़ित व्यक्ति तक तत्काल पुलिस सहायता पहुंचाई जा सके। यह सेवा विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद, अपराध नियंत्रण तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर से एक डायल-112 वाहन प्रारंभिक ट्रायल के लिए प्राप्त हुआ है, जिसे बलरामपुर क्षेत्र में तैनात किया गया है। यह वाहन 24 घंटे सातों दिन लगातार सक्रिय रहेगा और किसी भी आपात कॉल पर तत्काल मौके के लिए रवाना होगा।
उन्होंने कहा कि जिले में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए 11 और डायल-112 वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। सभी वाहन उपलब्ध होने के बाद संपूर्ण जिले में यह सेवा सुचारु और व्यापक रूप से संचालित की जाएगी, जिससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी त्वरित सहायता मिल सकेगी।

डायल-112 सेवा शुरू होने से जिले के नागरिकों को अब दुर्घटना, विवाद, अपराध, महिलाओं से संबंधित घटनाओं या अन्य आपात परिस्थितियों में तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी। पुलिस विभाग का मानना है कि इस सेवा से आमजन में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी तथा पुलिस और जनता के बीच समन्वय भी बेहतर बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने डायल-112 वाहन के संचालन और इसकी उपयोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए आम नागरिकों से आवश्यकता पड़ने पर इस सेवा का उपयोग करने की अपील की।




