स्वास्थ्य

प्रदेश के 5 मेडिकल कॉलेजों को मान्यता नहीं मिली, स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल बोले: ‘मैच अभी बाकी है, अपील में गए हैं’, इसी सत्र से पढ़ाई शुरू होगी…

मनेन्द्रगढ़ । छत्तीसगढ़ के पांच नए मेडिकल कॉलेजों को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से मान्यता नहीं मिलने के मामले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘कांग्रेस ज्यादा खुश न हो, मैच अभी बाकी है। हम अपील में गए हैं और हमें पूरी उम्मीद है कि इसी सत्र से पढ़ाई शुरू होगी।’

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को मेडिकल कॉलेजों के खुलने का स्वागत करना चाहिए था, लेकिन विपक्ष इसके विपरीत बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस नहीं चाहती कि मेडिकल कॉलेज खुलें और मनेन्द्रगढ़ जैसे छोटे क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलें?

मंत्री ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव का नाम लेते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में अस्पताल निर्माण नहीं हो पाया था। जबकि, वर्तमान सरकार ने मेडिकल कॉलेज के लिए 109 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने दावा किया कि पांचों मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और काम जारी है।

श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि 220 बिस्तरों वाले अस्पताल तैयार हैं और प्रोफेसरों की नियुक्ति भी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने NMC की लगभग 99 प्रतिशत गाइडलाइन पूरी कर ली हैं और उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में NMC से मान्यता मिल जाएगी।

गौरतलब है कि भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने इंफ्रास्ट्रक्चर, फैकल्टी और आवश्यक दस्तावेजों की कमी का हवाला देते हुए छत्तीसगढ़ के पांच नए मेडिकल कॉलेजों के आवेदन को फिलहाल खारिज कर दिया था। इसके बाद राज्य सरकार ने पुनर्विचार और अपील की प्रक्रिया शुरू की है।

Back to top button