पहले ही महीने में BPCL गैस का भारी भरकम बिल, मनेन्द्रगढ़ के उपभोक्ताओं के उड़े होश…

मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) की पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सेवा शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को पहले ही महीने में भारी-भरकम बिल मिलने लगे हैं। कई उपभोक्ताओं के घरों में 4 से 5 हजार रुपये तक के बिल पहुंचने से लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस कनेक्शन लेते समय उन्हें कम खर्च और सुविधा का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन शुरुआती बिल ने ही उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अधिकांश परिवारों का गैस उपयोग सामान्य घरेलू जरूरतों तक ही सीमित है। इसके बावजूद हजारों रुपये के बिल आने से लोग हैरान हैं। कई उपभोक्ताओं ने बिल में मीटर रीडिंग, इंस्टॉलेशन शुल्क अथवा अन्य अतिरिक्त शुल्क जोड़े जाने की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि कंपनी की ओर से बिल का स्पष्ट विवरण नहीं दिया गया, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि हर महीने इसी तरह के बिल आते रहे तो पाइप्ड गैस का उपयोग करना आम परिवारों के लिए मुश्किल हो जाएगा। कई लोगों ने बिलों की जांच कराने और वास्तविक खपत के आधार पर संशोधित बिल जारी करने की मांग की है।
इस मामले को लेकर अब स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि BPCL को उपभोक्ताओं के सामने बिलिंग प्रक्रिया पूरी तरह स्पष्ट करनी चाहिए तथा जिन उपभोक्ताओं को असामान्य रूप से अधिक बिल मिले हैं, उनकी शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए। वहीं, उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से भी हस्तक्षेप कर मामले की जांच कराने और लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।



