बलरामपुर

तामेश्वरनगर में जिला स्तरीय समाधान शिविर में ग्रामीणों से 81 आवेदन प्राप्त

ANAND MISHRA OFFICIAL PRESENTS

शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं सेवाओं तथा मूलभूत समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से सरकार तुंहर दुआर के तहत् विकासखण्ड रामचन्द्रपुर के ग्राम पंचायत तामेश्वरनगर में जिला स्तरीय जन समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों द्वारा मांग व शिकायत के कुल 81 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मांग के 25 एवं शिकायत के 03 आवेदनों का शिविर स्थल पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को समय-सीमा पर निराकरण करने के निर्देश दिये गये। शिविर में जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा विभाग में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।


जिला स्तरीय जन समाधान शिविर में राजस्व विभाग को 25, विद्युत विभाग को 15, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 10, खाद्य एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 05-05, कृषि विभाग को 04, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, महिला बाल विकास विभाग को 03-03, वन विभाग को 02, मत्स्य, जल संसाधन, दूर संचार एवं स्वास्थ्य, श्रम विभाग को 01-01 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर स्थल पर ही राजस्व विभाग द्वारा 09, खाद्य एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 05-05, विद्युत विभाग द्वारा 04, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 02 तथा कृषि, स्वास्थ्य एवं श्रम विभाग द्वारा 01-01 आवेदनों का निराकरण किया गया।


समाधान शिविर में शिक्षा विभाग द्वारा 129 छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र, राजस्व विभाग द्वारा 05 किसान किताब, स्वास्थ्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को 15 मच्छरदानी, 25 आयुष्मान कार्ड, 12 जन्म प्रमाण पत्र एवं 10 जननी सुरक्षा योजना के तहत् राशि का वितरण किया गया। पशुधन विकास विभाग द्वारा 50 हितग्राहियों को मिनरल मिक्चर, 60 हितग्राहियों को कृमिनाशक एवं सीरप, श्रम विभाग द्वारा 27 हितग्राहियों को श्रम कार्ड, कृषि विभाग द्वारा 15 कृषकों को मक्का बीज, 15 हितग्राहियों को कीटनाशक दवा का वितरण किया गया। इसी प्रकार पंचायत विभाग द्वारा 109 हितग्राहियों को यूडीआईडी वितरण, 34 राशन कार्ड, 10 हितग्राहियों को परिवार सहायता चेक वितरण, समाज कल्याण विभाग द्वारा एक हितग्राही को मोटराईज्ड ट्रायसायकल, 10 छड़ी तथा वन विभाग द्वारा 5 ग्रामीणों को हाथी मुआवजा राशि का वितरण, 70 किसानों को पौधा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नोनी सुरक्षा योजना के तहत् 15 हितग्राहियों को बीमा प्रमाण पत्र, उद्यानिकी विभाग द्वारा 10 किसानों को बीज, मत्स्य विभाग द्वारा 06 कृषकों को मत्स्य जाल तथा 03 आईस बॉक्स का वितरण किया गया। शिविर स्थल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा 165 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरण, 25 आयुष्मान कार्ड, श्रम विभाग द्वारा 27 श्रम कार्ड बनाकर हितग्राहियों को वितरित किया गया। महिला बाल विकास द्वारा 07 नन्हें-मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन एवं 04 गर्भवती माताओं का गोद भराई का रस्म किया गया।


जिला स्तरीय समाधान शिविर में जनपद उपाध्यक्ष बी.डी.लाल गुप्ता, जनपद सदस्य सीताराम गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री एस.एस.पैंकरा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गौतम सिंह, तहसीलदार विनीत सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मिथलेश पैकरा, जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधि सहित भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button