रामानुजगंज में मधुमक्खियों का हमला: पंचायत सचिव और कांग्रेस नेता समेत 8 से अधिक लोग घायल, अस्पताल के पास मची अफरा-तफरी

रामानुजगंज में मधुमक्खियों का हमला: पंचायत सचिव और कांग्रेस नेता समेत 8 से अधिक लोग घायल, अस्पताल के पास मची अफरा-तफरी

रामानुजगंज। नगर में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अस्पताल के पास अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में पंचायत सचिव, कांग्रेस नेता सहित 8 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। घायलों को तुरंत रामानुजगंज के 100 बिस्तर वाले अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 4 बजे अस्पताल के समीप अचानक मधुमक्खियों का झुंड आक्रामक हो गया और वहां से गुजर रहे लोगों पर हमला कर दिया। इसी दौरान पंचायत सचिव महेंद्र गुप्ता जनपद कार्यालय से अपने घर जा रही थीं। जैसे ही वे अस्पताल के पास पहुंचीं, मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के कई बार डंक मारने से वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
वहीं कांग्रेस नेता व्यास मुनि यादव अस्पताल में किसी मरीज से मिलने पहुंचे थे। अचानक हुए इस हमले में वे भी मधुमक्खियों का शिकार हो गए। मधुमक्खियों के काटने से वे भी घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना में जनपद पंचायत के तकनीकी सहायक चैत करण सिंह, कनकपुर निवासी इमामुद्दीन, सहायक सचिव एस. के. प्रजापति सहित 8 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मधुमक्खियों के हमले से लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोग पास की दुकानों और इमारतों में छिपकर अपनी जान बचाते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि कुछ लोगों को मधुमक्खियों के कई डंक लगे हैं, जिनका इलाज जारी है।

गौरतलब है कि अस्पताल परिसर और अटल चौक के आसपास मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लंबे समय से मौजूद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह छत्ता कई बार आक्रामक हो जाता है और राहगीरों पर हमला कर देता है। कुछ महीने पहले भी इसी स्थान के पास मधुमक्खियों के हमले में नगर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे।
लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से नगरवासियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को पहले ही इस समस्या का समाधान करना चाहिए था, लेकिन अब तक कोई स्थायी कार्रवाई नहीं की गई है।
नगरवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि अटल चौक के पास बने मधुमक्खियों के छत्ते को जल्द से जल्द हटाया जाए और ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील इलाके में इस तरह का खतरा बने रहना बेहद चिंताजनक है।



