किसानों के हित में सरकार के बड़े फैसले, धान सहित अन्य फसलों पर प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की पहल
कृषक उन्नति योजना के तहत 13,839 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता, गन्ना किसानों को 425 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान, फसल विविधीकरण और मिलेट्स उत्पादन को भी बढ़ावा

बलरामपुर। प्रदेश के वन विकास निगम, छत्तीसगढ़ शासन के अध्यक्ष रामसेवक पैंकरा ने बलरामपुर में पत्रकार वार्ता कर राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं एवं कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। इस दौरान उन्होंने कृषक उन्नति योजना, गन्ना प्रोत्साहन राशि, प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) तथा श्री अन्न उपार्जन योजना की विस्तार से जानकारी दी।
कृषक उन्नति योजना में प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता
रामसेवक पैंकरा ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पूर्व में किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान का उपार्जन कर 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा था। अब सरकार ने योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ एक समान आदान सहायता राशि देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि दी जाएगी।
इस व्यवस्था से किसानों को अपनी आवश्यकता और सुविधा के अनुसार धान बेचने की स्वतंत्रता मिलेगी। साथ ही, निर्धारित रकबे की तुलना में कम मात्रा में धान विक्रय करने पर भी किसानों को प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों की आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
फसल विविधीकरण को बढ़ावा, वैकल्पिक फसलों पर अधिक प्रोत्साहन
उन्होंने बताया कि किसानों को धान के स्थान पर अन्य लाभकारी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना के तहत धान के बदले अन्य फसल लेने वाले किसानों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि 11 हजार रुपये प्रति एकड़ से बढ़ाकर 15 हजार रुपये कर दी गई है। इस घटक के तहत अब तक 52 हजार से अधिक किसानों ने 28 हजार हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है।
इसके अलावा दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास जैसी फसलें लेने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। इस योजना के तहत अब तक 4 लाख 26 हजार 185 किसानों ने 2 लाख 6 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है।
उन्होंने बताया कि खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत कुल 35 हजार 904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसमें खरीफ 2023 में 13 हजार 289 करोड़, खरीफ 2024 में 11 हजार 976 करोड़ तथा खरीफ 2025 में 10 हजार 639 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।
गन्ना किसानों को 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान
गन्ना उत्पादक किसानों के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने गन्ने की उपार्जन दर 355 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की है। भारत सरकार द्वारा पेराई सत्र 2025-26 के लिए 10.25 प्रतिशत शुगर रिकवरी पर 355 रुपये प्रति क्विंटल एफआरपी तय की गई है। राज्य सरकार एफआरपी और निर्धारित उपार्जन दर के अंतर की राशि किसानों को गन्ना प्रोत्साहन राशि के रूप में प्रदान कर रही है।
शुगर रिकवरी प्रतिशत के आधार पर प्रदेश के कुछ शक्कर कारखानों से जुड़े किसानों को निर्धारित दर से अधिक भुगतान भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कवर्धा शक्कर कारखाने से संबद्ध किसानों को 488.67 रुपये, पंडरिया के किसानों को 455.10 रुपये, बालोद के किसानों को 432.62 रुपये तथा सूरजपुर के किसानों को 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में गन्ना किसानों को अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर उपार्जन दर मिल रही है। उत्तर प्रदेश में 400 रुपये, उत्तराखंड में 375 रुपये, पंजाब में 416 रुपये, हरियाणा में 415 रुपये, बिहार में 370 रुपये तथा महाराष्ट्र में 365 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीदा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गन्ने की औसत उत्पादकता 300 क्विंटल प्रति एकड़ मानें तो किसान को लगभग 21 हजार रुपये प्रति एकड़ प्राप्त हो सकते हैं, जो धान के लिए निर्धारित 13,839 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता राशि से अधिक है।

पीएम-आशा योजना से दलहन एवं तिलहन उत्पादक किसानों को सुरक्षा
प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के तहत दलहन एवं तिलहन फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जा रहा है। खरीफ मौसम में अरहर, सोयाबीन, उड़द, मूंग एवं मूंगफली तथा रबी मौसम में चना, मसूर और सरसों की खरीदी की व्यवस्था है।
वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 29 जिलों में 273 उपार्जन केंद्र अधिसूचित किए गए थे। इस दौरान अरहर, सोयाबीन, चना, मसूर एवं सरसों की कुल 3 लाख 72 हजार 39 क्विंटल खरीदी कर किसानों को 219.08 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इनमें चना प्रमुख फसल रहा, जिसके तहत 24 हजार 257 किसानों से 3 लाख 54 हजार 127 क्विंटल उपार्जन कर 207.59 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष भी दलहन एवं तिलहन उत्पादक किसानों को एमएसपी पर खरीदी के माध्यम से आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

श्री अन्न उपार्जन से मिलेट्स उत्पादक किसानों को मिलेगा प्रोत्साहन
राज्य सरकार कोदो, कुटकी एवं रागी जैसी श्री अन्न फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए भी पहल कर रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मार्कफेड के माध्यम से इन फसलों का उपार्जन किया जाएगा। इसके लिए 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक खरीदी की जाएगी तथा उपार्जन केंद्र निर्धारित किए जा रहे हैं।
रागी का उपार्जन भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर तथा कोदो-कुटकी की खरीदी राज्य शासन द्वारा निर्धारित दरों पर की जाएगी। उपार्जित श्री अन्न की आपूर्ति मांग एवं उपलब्धता के अनुसार आंगनबाड़ियों, माध्यमिक शालाओं और विभिन्न सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी संस्थाओं को की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल मिलेट्स उत्पादन को बढ़ावा देने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा छत्तीसगढ़ को श्री अन्न उत्पादन और प्रसंस्करण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में सहायक होगी।



