भारत व्यापार महोत्सव 2026 से जुड़ने व्यापारियों से कैट की अपील, नपा. अध्यक्ष के उपस्थिति में हुआ जागरूकता पंपलेट का विमोचन…
मनेंद्रगढ़। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा आयोजित भारत व्यापार महोत्सव 2026 में अधिक से अधिक व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एमसीबी जिले में बिजनेस डेलीगेट पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को संस्था के जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार की अगुवाई में नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के सभागार में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने जनजागरूकता पंपलेट का विमोचन किया।

कैट एमसीबी के जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने जिले के व्यापारियों, उद्योगपतियों, युवा उद्यमियों और व्यवसायियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित होने वाला यह देश का सबसे बड़ा व्यापारिक महोत्सव है, जिसमें देशभर के व्यापारी, स्टार्टअप, एमएसएमई, निर्यातक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि महोत्सव के माध्यम से व्यापार विस्तार, नए बाजारों तक पहुंच, आधुनिक तकनीक की जानकारी, निवेश के अवसर और राष्ट्रीय स्तर पर व्यापारिक नेटवर्क विकसित करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय व्यापारियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव का कैट पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने भारत व्यापार महोत्सव को व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर संस्था के संदीप दुआ, रिंकेश खन्ना, विनय जायसवाल, रफीक मेमन, आनंद अग्रवाल, रंजीत चोपड़ा, शैलेश जैन, अशोक गुप्ता, कीर्ति सोनी, ऋषि अग्रवाल, माखनलाल जायसवाल, जितेंद्र चोपड़ा, मोहम्मद अकरम, संजय अग्रवाल, राहुल यादव, सूरज केसरवानी और दीपक त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं कैट पदाधिकारी उपस्थित रहे।



