एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में छात्र परिषद का अलंकरण समारोह संपन्न, नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली नेतृत्व की शपथ…

मनेंद्रगढ़। एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद के भव्य अलंकरण (इन्वेस्टीचर) समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना रहा। समारोह का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, स्वास्थ्य विभाग के सुलेमान खान एवं अवनीश पांडे द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों का स्वागत किया।
विद्यालय में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हुए छात्र परिषद चुनाव में काव्य दुग्गर हेड बॉय और आयुषी सिंह हेड गर्ल निर्वाचित हुए। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन ने दोनों को बैज पहनाकर सम्मानित किया और छात्र परिषद के अन्य पदाधिकारियों को भी उनके दायित्वों की शपथ दिलाई। विभिन्न हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, स्पोर्ट्स, कल्चरल, डिसिप्लिन और एजुकेशन सेक्रेटरी सहित सभी छात्र नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

समारोह के दौरान विद्यालय की शिक्षिका रूबी पासी को चीफ कोऑर्डिनेटर का दायित्व सौंपा गया, वहीं प्राइमरी, मिडिल, सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी, डिसिप्लिन, आईसीटी और कल्चरल कोऑर्डिनेटरों की भी औपचारिक नियुक्ति की गई। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों से विद्यालय, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। विद्यालय के संचालक डॉ. एस.के. सिन्हा, मीनू सिन्हा, आशीष कक्कड़, आशी कक्कड़, संजीव ताम्रकार, ज्योति ताम्रकार, प्रशांत अग्रवाल एवं तोशी अग्रवाल ने सभी छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और नेतृत्व निर्माण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन निकहत अहमद एवं इरफान खातून ने किया। समारोह के अंत में सभी नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और मूल्यों की रक्षा करते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।



