शासकीय वन भूमि पर पंच का अतिक्रमण पंचायत एवं वन विभाग में शिकायत

बलरामपुर।ग्राम पंचायत झलपी के आश्रित ग्राम चिरकोमा (वार्ड क्रमांक 08) में शासकीय वन भूमि पर अतिक्रमण कर निर्वाचित पंच के खिलाफ शिकायत का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामवासी दीवाकर प्रसाद गुप्ता ने वन खंड/कम्पार्टमेंट क्रमांक PF 3291 में लगभग एक एकड़ शासकीय वन भूमि पर मकान, दुकान और बाड़ी का निर्माण कर अवैध कब्जा कर लिया है।


वर्तमान में दीवाकर प्रसाद गुप्ता ग्राम पंचायत झलपी के वार्ड क्रमांक 01 से निर्वाचित पंच हैं। शिकायतकर्ता अविनाश सिंह का कहना है कि गुप्ता ने शासकीय भूमि पर कब्जे की जानकारी छिपाकर पंच पद के लिए नामांकन दाखिल किया और निर्वाचित हो गए, जो पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 36(थ) के अनुसार अयोग्यता की श्रेणी में आता है।
इस मामले को लेकर वन मंडल अधिकारी वन मंडल बलरामपुर को आवेदन सौंपा गया है, जिसमें गुप्ता के द्वारा वन भूमि के कब्जा जांच कर जिला प्रशासन से पात्रता की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
इसके साथ ही, शिकायतकर्ता ने कलेक्टर को ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम और वन मंडल अधिकारी को ‘सुशासन तिहार’ के दौरान भी लिखित शिकायत प्रस्तुत की। वन विभाग को दी गई शिकायत में स्पष्ट रूप से अतिक्रमित क्षेत्र की जानकारी देकर अतिक्रमण हटाने और दोषी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यदि जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होती है, तो संबंधित के खिलाफ पंचायत और वन विभाग दोनों स्तरों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।



