छत्तीसगढ़मनेन्द्रगढ़

शोक संदेश;व्यवसायी एवं समाचार पत्रों के एजेंट भगवान दास का उपचार के दौरान दुःखद निधन…

मनेन्द्रगढ़ । नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं विभिन्न समाचार पत्रों के एजेंट भगवान दास गुप्ता का आज उपचार के दौरान दुःखद निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से मनेन्द्रगढ़ नगर सहित पूरे अंचल में शोक की लहर दौड़ गई है। जैसे ही उनके निधन की सूचना नगरवासियों को मिली, उनके निवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया।
स्वर्गीय भगवान दास गुप्ता लंबे समय से व्यवसाय एवं समाचार वितरण के क्षेत्र से जुड़े हुए थे। अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के कारण वे समाज के हर वर्ग में लोकप्रिय थे। उन्होंने न केवल व्यवसायिक क्षेत्र में बल्कि सामाजिक जीवन में भी अपनी अलग पहचान बनाई थी। नगर के लोग उन्हें एक कर्मठ, ईमानदार और सहयोगी व्यक्तित्व के रूप में याद कर रहे हैं।
स्वर्गीय गुप्ता, उमेश गुप्ता के पिता एवं वरिष्ठ पत्रकार सतीश गुप्ता के चाचा थे। उनके निधन से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन इस असहनीय क्षति से गहरे शोक में डूबे हुए हैं।
स्वर्गीय भगवान दास गुप्ता का अंतिम संस्कार कल सोमवार को प्रातः 10:00 बजे आमाखेरवा स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा काली मंदिर रोड स्थित उनके निवास से प्रारंभ होकर मुक्तिधाम तक जाएगी। अंतिम दर्शन हेतु बड़ी संख्या में नगरवासी, शुभचिंतक, व्यापारी वर्ग एवं पत्रकार जगत से जुड़े लोग शामिल होने की संभावना है।
नगर के सामाजिक, व्यापारिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े कई लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।
ॐ शांति।

Related Articles

Back to top button