मनेन्द्रगढ़

स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर कांग्रेस का विरोध तेज, नाम दिया महतारी वंदन वसूली मीटर, घर जाकर उपभोक्ताओं से भरवाए जा रहे फॉर्म…

मनेन्द्रगढ़। प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर के विरोध को लेकर कांग्रेस अब बड़े आंदोलन की तैयारी में जुट गई है। इसी क्रम में मनेन्द्रगढ़ जिला कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलेभर के कांग्रेस पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में स्मार्ट मीटर को लेकर जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद कांग्रेसी नेताओं ने उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर पर स्टिकर लगाए और बढ़े हुए बिल को लेकर फॉर्म भरवाया गया । इस दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद आम उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कांग्रेस ने इसे जनता के हितों के खिलाफ बताते हुए सरकार से स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल वापस लेने की मांग की।

निर्णय लिया गया कि जिले के सभी ब्लॉक, नगर और ग्राम स्तर पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं की जानकारी देंगे और आंदोलन में शामिल होने की अपील करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न चरणों में धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन और विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जनता की मांगों को अनदेखा किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक गुलाब कमरो , जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू, पूनम सिंह , रामनरेश पटेल,सौरव मिश्रा, रफीक मेमन सहित जिले के पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं अन्य अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनहित की इस लड़ाई को मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button