फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवाकर CRPF में भर्ती हुआ आरक्षक गिरफ्तार

Balrampur पुलिस ने फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवाकर Central Reserve Police Force में भर्ती होने वाले एक बर्खास्त आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बलरामपुर, छत्तीसगढ़ का कूटरचित स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र तैयार कर नौकरी हासिल की थी।
पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द किए जाने की बात कही गई है।
शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मामला
थाना कोतवाली बलरामपुर में 28 अप्रैल 2026 को तहसीलदार बलरामपुर द्वारा लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में बताया गया कि 204 कोबरा बटालियन, CRPF करनपुर जगदलपुर में पदस्थ कांस्टेबल सुमित पिता अचल सिंह ने ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र बनवाया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने विशाल सोनी पिता स्वर्गीय सुरेश सोनी के शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेजों में कूट रचना कर अपना नाम दर्ज कराया और उसी आधार पर निवास प्रमाण पत्र जारी करवाया। इसी प्रमाण पत्र का उपयोग उसने CRPF में भर्ती के दौरान भी किया था।
कई धाराओं में अपराध दर्ज
रिपोर्ट के आधार पर थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 78/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर निवास प्रमाण पत्र बनवाना तथा उसका सरकारी नौकरी में उपयोग करना प्रमाणित पाया गया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(2), 319(2), 336(3), 340(2), 61(2)(a), 338 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में स्वीकार किया अपराध
पुलिस ने आरोपी को 204 कोबरा बटालियन, CRPF करनपुर जगदलपुर से बर्खास्तगी के बाद अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने फर्जी तरीके से बलरामपुर, छत्तीसगढ़ का निवास प्रमाण पत्र बनवाकर CRPF में नौकरी प्राप्त की थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।


