
सारथी दिवस: उत्कृष्ट वाहन चालकों का सम्मान
बलरामपुर में अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा), छत्तीसगढ़ द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (1 जनवरी से 31 जनवरी 2025) के अंतर्गत 24 जनवरी 2025 को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित “सारथी सम्मान” कार्यक्रम के तहत जिले के 30 उत्कृष्ट वाहन चालकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें सम्मान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा प्रदान किया जाएगा।
सम्मान के लिए चयनित वाहन चालकों की विशेषताएँ
इस गरिमामय कार्यक्रम में उन वाहन चालकों को सम्मानित किया जाएगा जो निम्नलिखित गुणों से युक्त हों:
1. उत्तम व्यवहार और आचरण।
2. यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए कोई चालान न हुआ हो।
3. सड़क दुर्घटनाओं से मुक्त कार्यकाल।
4. वाहन चलाते समय नशे से दूर रहते हों।
5. अपने वाहनों का बेहतर रखरखाव करते हों।
6. सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद की हो।
7. यातायात नियमों की सटीक जानकारी रखते हों।
सारथियों की भूमिका का सम्मान
यह कार्यक्रम देश और प्रदेश की विकास यात्रा में सारथियों की अहम भूमिका को मान्यता प्रदान करने और उन्हें प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। यात्री एवं सामग्री परिवहन में सतत योगदान देने वाले वाहन चालकों की सेवाओं को सराहा जाएगा।
इस आयोजन में सभी शासकीय, अशासकीय, व्यवसायिक, निजी संस्थानों एवं व्यक्तिगत वाहनों में कार्यरत वाहन चालकों का योगदान सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम न केवल उत्कृष्ट चालकों के लिए प्रेरणा बनेगा, बल्कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम भी होगा।

