केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद मैहर रवाना हुईं महिला कांग्रेस की नेत्रियां, कहा– शारदा माई ने हमारी प्रार्थना स्वीकार की…

मनेन्द्रगढ़। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद मनेन्द्रगढ़ की महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मैहर स्थित मां शारदा देवी के दर्शन के लिए प्रस्थान किया। महिला कांग्रेस की नेताओं ने दावा किया कि उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज के बाद मां शारदा से केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मन्नत मांगी थी, जो अब पूरी हो गई है।
महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री रुकमणी खोपड़ागड़े ने बताया कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित लाठीचार्ज की घटना से वे बेहद आहत थीं। इसके बाद उन्होंने मैहर की मां शारदा से प्रार्थना की थी कि छात्रों के साथ न्याय हो और केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा दें। उनका कहना है कि आज उनकी मन्नत पूरी हो गई है, इसलिए वे मां शारदा के दरबार में दर्शन और पूजा-अर्चना करने जा रही हैं। महिला कांग्रेस की सात सदस्यीय टीम मैहर के लिए रवाना हुई। प्रस्थान से पहले उन्होंने कहा कि मां शारदा ने उनकी प्रार्थना स्वीकार की है और वे उनका आभार व्यक्त करने के लिए दर्शन करने जा रही हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मां शारदा के जयकारे भी लगाए। महिला कांग्रेस की नेताओं ने कहा कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी संघर्ष करती रहेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सत्य और न्याय की जीत होती है तथा मां शारदा की कृपा से उनकी प्रार्थना पूर्ण हुई है।



