मनेन्द्रगढ़: 5 नवंबर को निकलेगी भाजपा की “लोकतंत्र बचाव, भीड़ तंत्र हटाओ” पदयात्रा, तैयारियों को लेकर अटल कुंज में हुई बैठक…

मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़ तंत्र हटाओ’ अभियान के तहत आगामी 5 नवंबर को जिले में प्रस्तावित पदयात्रा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में भाजपा जिला कार्यालय अटल कुंज में जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित पदयात्रा की रूपरेखा, संगठनात्मक समन्वय और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। पदयात्रा के दौरान संगठन की भूमिका, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और विभिन्न मोर्चों के बीच समन्वय को लेकर भी रणनीति बनाई गई।

बैठक में भाजपा के जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं सभी मोर्चों के प्रभारी उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने अभियान को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर अपने सुझाव भी रखे। भाजपा संगठन द्वारा 5 नवंबर को प्रस्तावित इस पदयात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।



