रामानुजगंज में गणेश पूजा की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न

रामानुजगंज। आगामी गणेश पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज नगर में प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम श्री आनंद नेताम, एसडीओपी श्री बाजीलाल सिंह, तहसीलदार श्री मनोज पैकरा सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सबसे पहले गणेश पूजा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा-पंडालों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग सीमित समयावधि तक ही किया जा सकेगा, ताकि आमजन को असुविधा न हो तथा शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय वातावरण प्रभावित न हो।
गणेश विसर्जन को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सभी समितियों एवं नागरिकों से अपील की कि मूर्तियों का विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित घाट पर ही किया जाए। इससे नदी-तालाबों की स्वच्छता बनी रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होगी। विसर्जन के दिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस विभाग द्वारा विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।
बैठक के दौरान नागरिकों से सुझाव लिए गए और समिति के सदस्यों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि नागरिकों के सहयोग से गणेश उत्सव शांति, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।



