“राहवीर योजना और कैशलेस उपचार प्रणाली से सड़क दुर्घटना पीड़ितों को जीवनरक्षक सहायता – मानवता की मिसाल बनेंगे ‘राहवीर’”

बलरामपुर, छत्तीसगढ़ सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारत सरकार ने आम नागरिकों को भी जीवनरक्षक भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करते हुए “राहवीर योजना” प्रारंभ की है। इस योजना का उद्देश्य गंभीर रूप से घायल सड़क दुर्घटना पीड़ितों को ‘गोल्डन आवर’ (दुर्घटना के बाद का पहला घंटा) के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाना है, जिससे मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
‘राहवीर’ को मिलेगा सम्मान और पुरस्कार
इस योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाता है, तो उसे सरकार द्वारा ₹25,000 नकद पुरस्कार और प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
यदि एक से अधिक व्यक्तियों ने मदद की है, तो इनाम की राशि आपस में बांटी जाएगी।
एक राहवीर को वर्ष में अधिकतम 5 बार सम्मानित किया जा सकता है।
वर्ष के अंत में, 10 सर्वश्रेष्ठ राहवीरों को राष्ट्रीय स्तर पर चयनित कर ₹1,00,000 का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।
इन नेक कार्यों से जुड़े व्यक्तियों को “गुड समेरिटन” की संज्ञा दी जाती है, और उन्हें समाज में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है।
घायलों के लिए कैशलेस उपचार योजना: ₹1.5 लाख तक मुफ्त इलाज
सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्ति को ₹1,50,000 तक का कैशलेस उपचार प्राप्त करने का अधिकार है। यह सुविधा देश के किसी भी पंजीकृत अस्पताल में प्राप्त की जा सकती है, बशर्ते इलाज दुर्घटना की तिथि से 7 दिन के भीतर शुरू हो जाए।
कैसे मिलेगी योजना का लाभ: eDAR पोर्टल की भूमिका
इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु eDAR (Electronic Detailed Accident Report) पोर्टल और स्वास्थ्य विभाग पोर्टल को एकीकृत किया गया है। प्रक्रिया निम्नानुसार है:
1. सभी अस्पतालों का eDAR पोर्टल पर पंजीकरण आवश्यक है।
2. सड़क दुर्घटना का शिकार पीड़ित जब अस्पताल में भर्ती होता है, तो अस्पताल को पहले पीड़ित की स्थिति स्थिर (stabilize) करनी होती है और पुलिस को सूचित करना होता है।
3. पुलिस घटनास्थल पर जाकर दुर्घटना की पुष्टि करती है और eDAR पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कर एक यूनिक एक्सीडेंट आईडी जेनरेट करती है।
4. यह एक्सीडेंट आईडी स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 घंटे के भीतर NHA पोर्टल पर अपलोड की जाती है, जिससे पीड़ित को कैशलेस उपचार सुविधा प्राप्त होती है।
जिला प्रशासन की तत्परता
बलरामपुर जिले के पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (IPS) ने सभी थाना/चौकी प्रभारियों और यातायात अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, स्टंटबाजी, और मालवाहकों में सवारी ढोने जैसी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इन उपायों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में ठोस कमी लाना है।
नीति-निर्धारकों की सक्रिय भूमिका
श्री संजय शर्मा, अध्यक्ष, अंतरराज्यीय लीड एजेंसी छत्तीसगढ़ ने eDAR पोर्टल और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय के माध्यम से कैशलेस उपचार योजना को ज़मीनी स्तर पर लागू करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाई जाए और अस्पतालों को शीघ्र पोर्टल से जोड़ा जाए।
समाज के लिए प्रेरणा: ‘राहवीर’ बनें, जीवन बचाएं
यह योजना न केवल पीड़ितों के जीवन को बचाने में सहायक है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवता की भावना को भी सशक्त करती है। आम नागरिकों को प्रोत्साहित किया जाता है कि वे ऐसे समय पर सक्रिय भूमिका निभाएं और समाज के लिए मिसाल बनें।
सम्पर्क एवं सहायता के लिए:
eDAR पोर्टल: https://edar.gov.in
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) हेल्पलाइन: 14555



