रामानुजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई – नाबालिग से रेप का आरोपी जेल भेजा गया

13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म कर गर्भवती करने वाला आरोपी गिरफ्तार
रामानुजगंज। थाना रामानुजगंज पुलिस ने 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म कर गर्भवती करने वाले युवक को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रामविचार भुइंया (19 वर्ष), पिता संतोष भुइंया, निवासी ग्राम चूतरू, थाना रंका, जिला गढ़वा (झारखंड) है।
घटना 4 फरवरी 2025 की है। नाबालिग पीड़िता स्नान के लिए नदी जा रही थी, तभी आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद वह काम करने के लिए दूसरे राज्य चला गया।
आरोपी की हरकत से पीड़िता गर्भवती हो गई, लेकिन डर के कारण उसने परिजनों को कुछ नहीं बताया। 24 अगस्त 2025 को आरोपी गांव लौटा और पीड़िता से मिलने गया। इस दौरान परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। आरोपी मौके से भाग निकला और अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गया। परिजनों ने जब पीड़िता से पूछताछ की, तो उसने पूरी घटना बताई।
परिजनों की शिकायत पर थाना रामानुजगंज में मामला दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(ड), 65(1), 351(3) BNS और धारा 4(2), 6 POCSO Act के तहत अपराध कायम किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।




