Balrampur news, Ramanujganj news, Chhattisgarh CMO, chhattisgarh news, balrampur news

रामानुजगंज में भव्यता के साथ संपन्न हुआ सनातन सेवा समिति का दो दिवसीय नवरात्रि गरबा महोत्सव सीजन-3

पुलिस अधीक्षक वैभव वेंकट रमन ने डांडिया में लिया हिस्सा, प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह; विभिन्न प्रतियोगिता

ANAND MISHRA OFFICIAL PRESENTS

रामानुजगंज। नगर के गांधी मैदान में सनातन सेवा समिति, रामानुजगंज द्वारा नवरात्रि के पावन अवसर पर लगातार तीसरे वर्ष आयोजित दो दिवसीय नवरात्रि गरबा महोत्सव सीजन-3 17 एवं 18 अक्टूबर 2026 को भव्यता, उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। आकर्षक साज-सज्जा, पारंपरिक परिधान, भव्य आतिशबाजी, डांडिया की थाप और बड़ी संख्या में सनातनी समाज के लोगों की उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष बना दिया। नगर के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल इस महोत्सव की लोगों ने जमकर सराहना की।

कार्यक्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के पुलिस अधीक्षक वैभव वेंकट रमन की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। वे लगातार तीसरी बार इस आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने आयोजन स्थल की भव्य सजावट और गरबा के माहौल की सराहना करते हुए कहा कि रामानुजगंज का यह आयोजन उन्हें गुजरात की याद दिलाता है। उन्होंने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए सनातन सेवा समिति को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।

पुलिस अधीक्षक ने अपने उद्बोधन में लोगों से साइबर फ्रॉड से सुरक्षित रहने, यातायात नियमों का पालन करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग पुलिस को अपना मित्र और परिवार समझें, उससे डरें नहीं। पुलिस अच्छे लोगों की सुरक्षा के लिए है। समाज के लोगों को पुलिस का सहयोग करते हुए गलत गतिविधियों और अवैध कार्यों को रोकने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

अपने संबोधन के बाद पुलिस अधीक्षक ने बच्चों और आयोजन समिति के सदस्यों के साथ डांडिया भी खेला। उनके साथ डांडिया करने का अवसर मिलने पर छोटी-छोटी बच्चियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में अनुभागीय राजस्व अधिकारी आनंद नेताम, तहसीलदार मनोज पैकरा, जनपद सीईओ रणवीर साईं, सनातन सेवा समिति के संरक्षक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप तिवारी, वरिष्ठ व्यवसायी कन्हैयालाल अग्रवाल, जयप्रकाश गुप्ता, अरुण केसरी एवं सीताराम गुप्ता उपस्थित रहे।

अन्य उपस्थित जनों में शर्मिला गुप्ता, अजय सोनी, अरविंद दुबे, राकेश गुप्ता, बैजनाथ केसरी, तारा गुप्ता, ललिता सिंह, पार्षदगण, नगर के गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल रहे।

छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम को भी इस कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन कुछ अति आवश्यक कार्यों के कारण वे उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से रामानुजगंजवासियों को नवरात्रि एवं गरबा महोत्सव की शुभकामनाएं दीं और आयोजन समिति को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उनके संदेश का प्रसारण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनके संदेश का स्वागत किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

दो दिवसीय गरबा महोत्सव को विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी आकर्षक बनाया गया। इसमें ग्रुप गरबा, बेस्ट कपल गरबा तथा बेस्ट ड्रेस जैसी श्रेणियों में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन हरिओम कुमार गुप्ता, करिश्मा गुप्ता एवं पूजा चौबे ने किया। निर्णायकों ने विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों के प्रदर्शन, पारंपरिक परिधानों और प्रस्तुतियों का सूक्ष्मता से आकलन किया।

ग्रुप गरबा प्रतियोगिता

  • प्रथम पुरस्कार: रास रंग बहू बेटी के संग ग्रुप
  • द्वितीय पुरस्कार: रूट्स एवं रिदम ग्रुप

बेस्ट कपल गरबा प्रतियोगिता

  • प्रथम पुरस्कार: रत्ना केसरी एवं विक्की केसरी
  • द्वितीय पुरस्कार: प्रियंका केसरी एवं पंकज केसरी

बेस्ट ड्रेस सीनियर कैटेगरी

  • प्रथम पुरस्कार: पूजा जायसवाल
  • द्वितीय पुरस्कार: डॉ. प्रज्ञा जायसवाल
  • तृतीय पुरस्कार: रिया केसरी

बेस्ट ड्रेस जूनियर कैटेगरी

  • प्रथम पुरस्कार: अदवय जायसवाल
  • द्वितीय पुरस्कार: आरवी केसरी
  • तृतीय पुरस्कार: तृषा केसरी

विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को संस्था द्वारा प्रायोजकों के माध्यम से पुरस्कृत किया गया। ग्रुप डांडिया, पारंपरिक वेशभूषा और प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

प्रज्ञा चंद्रा और नंदिनी नर्दे ने किया कार्यक्रम का संचालन

कार्यक्रम को व्यवस्थित और आकर्षक बनाए रखने के लिए दोनों दिन बाहर से एंकर आमंत्रित किए गए थे। प्रथम दिवस प्रज्ञा चंद्रा तथा दूसरे दिवस नंदिनी नर्दे ने अपने प्रभावी संचालन और एंकरिंग से कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया। दोनों ने प्रतिभागियों और दर्शकों का उत्साह बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य द्वार पर स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर आराधना के साथ किया गया। इसके बाद गरबा मैदान के मध्य में मां दुर्गा के चित्र के समक्ष वरिष्ठजनों एवं अतिथियों द्वारा आरती की गई। विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात गरबा महोत्सव प्रारंभ हुआ। भव्य आतिशबाजी ने आयोजन की सुंदरता को और बढ़ा दिया।

महिलाओं और युवाओं में कई दिनों पहले से रहता है उत्साह

रामानुजगंज में नवरात्रि गरबा महोत्सव को लेकर महिलाओं, युवतियों और युवाओं में कई दिनों पहले से उत्साह देखने को मिलता है। शहर से बाहर पढ़ाई करने या नौकरी के सिलसिले में रहने वाले युवा भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए विशेष रूप से घर लौटने का प्रयास करते हैं। उनका कहना है कि नवरात्रि में घर पर पूजा-अर्चना करने के साथ गरबा कार्यक्रम में शामिल होना और अपने इष्ट-मित्रों से मिलना एक विशेष अवसर होता है, जिसे वे छोड़ना नहीं चाहते।

गरबा महोत्सव में भाग लेने वाली महिलाएं और युवतियां हफ्तों पहले से पारंपरिक परिधानों, डांडिया और आभूषणों की तैयारी शुरू कर देती हैं। कार्यक्रम के कारण नगर में डांडिया से जुड़े कपड़ों, पारंपरिक परिधानों और ज्वेलरी की खरीदारी भी बढ़ जाती है। हजारों की संख्या में लोग नगर की विभिन्न दुकानों से खरीदारी करते हैं। इस प्रकार गरबा महोत्सव धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

पारिवारिक और सुरक्षित वातावरण रहा आयोजन का प्रमुख उद्देश्य

आयोजन समिति ने कार्यक्रम स्थल पर अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक नियम निर्धारित किए थे। समिति का उद्देश्य गरबा में शामिल होने वाली माताओं, बहनों, बच्चों और परिवारों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना था। आयोजन के दौरान नगरवासियों का सहयोग और प्रतिभागियों का अनुशासन भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।

लोगों ने आयोजन की भव्यता, सुव्यवस्थित व्यवस्था और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी की सराहना की। सनातन परंपराओं, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश देने वाला यह महोत्सव रामानुजगंज के लिए एक यादगार आयोजन बन गया।

सनातन सेवा समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों का रहा महत्वपूर्ण योगदान

कार्यक्रम को सफल बनाने में सनातन सेवा समिति के शैलेश गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, सिद्धांत यादव, विवेक यादव एवं शुभम गुप्ता सहित समिति के सभी सदस्यों और सहयोगियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

इसके साथ ही आकाश गुप्ता, सारांश, जसू केसरी, आकाश गोद, हर्षित तलवार, निशांत गुप्ता, आशीष गुप्ता, अंकुर केसरी, आर्यन केसरी, आकाश तिवारी, विकास महतो, नयन गुप्ता, अर्पित तिवारी, वतन गुप्ता, दीपक गिरी, आशीष चौबे, शशांक अग्रवाल, सूरज मिश्रा, अथर्व गुप्ता, समीर पांडे, कुमार अमितेश सिंह एवं मोनू ठाकुर ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

समिति ने आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले स्थानीय व्यवसायियों और प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इनमें ओम स्टील्स, प्रीति ऑटोमोबाइल्स, मां तारा गोपाल हाइट्स, संजीवनी हॉस्पिटल, भूमि टेलीकॉम, नित्यांश ट्रेडर्स, कौशल ट्रेडर्स, किसान घर, सुंदरी लाइफस्टाइल, अंश ट्रेडर्स, श्री राम मेडिकल, अंकित गुप्ता तथा फिलिप्स रेडियो एवं फर्नीचर का सहयोग उल्लेखनीय रहा।

कार्यक्रम के मीडिया चैनल पार्टनर के रूप में निखिल सोनी, अपना रामानुजगंज, गौरव राज, मोर रामानुजगंज एवं श्रेया ठाकुर का भी सहयोग रहा।

इस प्रकार सनातन सेवा समिति, रामानुजगंज का दो दिवसीय नवरात्रि गरबा महोत्सव सीजन-3 धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा, सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, प्रायोजकों, मीडिया प्रतिनिधियों और नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button