दशहरा मेले में बैलून बेचने आए परिवार का बुझा चिराग, कन्हर नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत
दशहरा मेले में बैलून बेचने आए 14 वर्षीय किशोर की कन्हर नदी में डूबने से मौत

दशहरा मेले में खिलौने-बैलून बेचने आए झारखंड के किशोर की कन्हर नदी में डूबने से मौत
रामानुजगंज। दशहरा मेले में खिलौने और बैलून बेचकर परिवार की मदद करने झारखंड से आए 14 वर्षीय किशोर की कन्हर नदी में डूबने से मौत हो गई। सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह अपने चचेरे भाइयों के साथ नदी में नहाने गया था। इस दौरान वह गहरे पानी और दलदल में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। करीब दो से तीन घंटे की तलाश के बाद उसका शव नदी से बरामद किया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर क्षेत्र निवासी इश्तियाक अंसारी का परिवार हर वर्ष नवरात्रि और दशहरा मेले में खिलौने व बैलून बेचने के लिए रामानुजगंज आता है। इस वर्ष भी परिवार कमाई की उम्मीद लेकर यहां पहुंचा था। सोमवार को बैलून बेचने के बाद 14 वर्षीय इरशाद अंसारी उर्फ रवि आलम अपने दो चचेरे भाइयों के साथ राम मंदिर के पास कन्हर नदी में नहाने चला गया।
गहरे पानी और दलदल में फंसने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान इरशाद नदी के गहरे पानी की ओर चला गया और दलदल में फंस गया। वह पानी में डूबने के बाद बाहर नहीं निकल सका। उसके साथ गए दोनों छोटे चचेरे भाइयों ने घटना की जानकारी अपने पिता को दी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
कई घंटे की तलाश के बाद मिला शव
घटना की जानकारी मिलने पर रामानुजगंज पुलिस सक्रिय हुई। नदी में तलाश के दौरान कालिकापुर के एक युवक ने करीब दो से तीन घंटे बाद किशोर को पानी में देखा और बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज के सौ बिस्तर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
मेले में कमाई की उम्मीद लेकर आया था परिवार
इरशाद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार हर साल नवरात्रि और दशहरा मेले में खिलौने व बैलून बेचकर रोजी-रोटी कमाने के लिए रामानुजगंज आता था। इस बार भी परिवार को मेले से अच्छी कमाई की उम्मीद थी, लेकिन एक हादसे ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया। किशोर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


