विजयनगर स्कूल में मधुमक्खियों का हमला, 11 बच्चे और दो शिक्षक घायल, 4 छात्राएं जिला अस्पताल रेफर
स्कूल में अचानक मधुमक्खियों का हमला, चार छात्राओं की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

विजयनगर स्कूल में मधुमक्खियों का हमला, 11 बच्चे और दो शिक्षक घायल
लंच के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने बोला हमला, चार छात्राओं की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर
रामानुजगंज। जिले के विजयनगर हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को लंच के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले में 11 स्कूली बच्चे और दो शिक्षक घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल के लेक्चरर वेणुधर सिधार सभी घायलों को तत्काल रामानुजगंज स्थित सौ बिस्तर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया।
अस्पताल में डॉ. रुक्मणि और डॉ. शालिनी ने घायलों का इलाज किया। प्राथमिक उपचार के बाद चार छात्राओं की हालत गंभीर पाए जाने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। रेफर की गई छात्राओं में कक्षा दसवीं की समीदा खातून, नंदिनी कुशवाहा, आफरीन अहमान खातून और अफरीना खातून शामिल हैं। वहीं, अन्य घायल बच्चों और शिक्षकों का उपचार रामानुजगंज अस्पताल में जारी है।
लंच के समय अचानक टूट पड़ा मधुमक्खियों का झुंड
स्कूल के लेक्चरर वेणुधर सिधार ने बताया कि घटना करीब डेढ़ बजे की है। उस समय स्कूल में लंच का समय था। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड बच्चों और शिक्षकों पर टूट पड़ा। हमले से बचने के लिए बच्चों और शिक्षकों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना में 11 बच्चे और दो शिक्षक घायल हुए।
चार छात्राओं को जिला अस्पताल किया गया रेफर
घायलों का इलाज कर रहीं डॉ. रुक्मणि ने बताया कि चार बच्चों की हालत गंभीर थी। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी घायलों का उपचार रामानुजगंज अस्पताल में किया जा रहा है।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद रामानुजगंज एसडीएम आनंद राम नेताम, तहसीलदार मनोज पैकरा, बीएमओ डॉ. महेश गुप्ता और रामचंद्रपुर बीईओ विजय कुशवाहा अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था के संबंध में चर्चा की। गंभीर स्थिति को देखते हुए चार छात्राओं को जिला चिकित्सालय रेफर किए जाने की जानकारी भी अधिकारियों ने ली।

